जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

टाटा मैजिक से जानवरों की तस्करी कर रहे 2 पशु तस्कर गिरफ्तार ​​​​​​​

मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान पंकज कुमार (19 वर्ष), निवासी ओडौवला, थाना धानापुर, जनपद चंदौली, और त्रिवेणी (50 वर्ष), निवासी बैजनाथ, थाना रामगढ़, जिला भभुआ, बिहार के रूप में हुई है।
 

गौवंश तस्करी पर कंदवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बिहार ले जाए जा रहे दो गौवंश बरामद

दो पशु तस्करों को भी किया गया गिरफ्तार

चंदौली जिले में गौवंशों की तस्करी के खिलाफ चंदौली पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत थाना कंदवा पुलिस ने दो गौवंशों को अवैध रूप से बिहार राज्य ले जा रहे दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। तस्करी में प्रयुक्त टाटा मैजिक वाहन भी बरामद किया गया है।

इस पूरी कार्रवाई की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में की गई। प्रभारी निरीक्षक दयाराम गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता तब हासिल की, जब मुखबिर की सूचना पर बकौड़ी नहर पुलिया (थाना कंदवा क्षेत्र) के पास बिना नंबर प्लेट वाले एक टाटा मैजिक वाहन को रोका गया। जांच करने पर उसमें दो गौवंश क्रूरता पूर्वक बांधे हुए पाए गए।

मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान पंकज कुमार (19 वर्ष), निवासी ओडौवला, थाना धानापुर, जनपद चंदौली, और त्रिवेणी (50 वर्ष), निवासी बैजनाथ, थाना रामगढ़, जिला भभुआ, बिहार के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इन गोवंशीय पशुओं को बिहार राज्य में वध हेतु अवैध रूप से ले जा रहे थे।

गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना कंदवा पर मुकदमा संख्या 58/2025, धारा 3/5ए/5बी/8 गोवध निवारण अधिनियम और धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दिनेश कुमार मिश्रा, हेड कांस्टेबल देवव्रत उपाध्याय और कांस्टेबल प्रदीप यादव की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम को तत्परता और सजगता के लिए सराहना दी है।

चंदौली पुलिस का यह कदम न केवल कानून व्यवस्था की मजबूती को दर्शाता है, बल्कि गौवंशों की रक्षा और तस्करों पर कड़ी नजर रखने की प्रतिबद्धता को भी साबित करता है। जिले में ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहने की संभावना है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*