चंदौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नौगढ़ और शहाबगंज से दो वारण्टी गिरफ्तारी
नौगढ़ पुलिस ने 28 वर्षीय संदीप कुमार को किया गिरफ्तार
2016 के गोवध व पशु क्रूरता मामले में था वारण्ट जारी
शहाबगंज पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा गुरूदेव
2002 से लंबित मारपीट व धमकी के मामले में था वारण्टी
चंदौली जिले के पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जिले में फरार वारण्टी और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना नौगढ़ और थाना शहाबगंज पुलिस को मंगलवार को बड़ी सफलता मिली। दोनों थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट (NBW) से संबंधित एक-एक वारण्टी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
नौगढ़ थाना क्षेत्र में गिरफ्तारी
प्रभारी निरीक्षक नौगढ़ सुरेंद्र कुमार यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अभय सिंह एवं टीम ने मंगलवार को ग्राम नवही निवासी संदीप कुमार (28 वर्ष) पुत्र सुजीत कुमार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। संदीप कुमार पर वर्ष 2016 में दर्ज मुकदमा संख्या 1869/16 धारा 147, 148, 149, 307 भादवि समेत 3/5A/8 गोवध अधिनियम और 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम का मामला दर्ज है। न्यायालय से निर्गत वारंट की तामिली करते हुए पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अभय सिंह और हेड कांस्टेबल सुबेदार सिंह शामिल रहे।
शहाबगंज थाना क्षेत्र में गिरफ्तारी
इसी तरह शहाबगंज थाना पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक हरिनारायण पटेल के नेतृत्व में ग्राम विशुनपुरा निवासी गुरूदेव (41 वर्ष) पुत्र बलिराम को गिरफ्तार किया। गुरूदेव के खिलाफ वर्ष 2002 से लंबित मुकदमा संख्या 87/02 सरकार बनाम मुसाफिर दर्ज है। उस पर धारा 323, 504, 506, 325 भादवि के तहत आरोप है। न्यायालय अपर न्यायिक मजिस्ट्रेट चकिया से निर्गत NBW की तामिली के क्रम में पुलिस ने मंगलवार सुबह करीब 9:50 बजे अभियुक्त को उसके घर से दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेंद्र नाथ सिंह और कांस्टेबल दीपक कुमार भी शामिल रहे।
पुलिस की सतर्कता से अपराधियों में खलबली
चंदौली पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे इस अभियान से फरार अपराधियों और वारण्टियों में खलबली मची है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने कहा कि फरार और वांछित अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








