बहन की शादी में हर्ष फायरिंग के लिए मंगाई पिस्टल, पुरानी रंजिश में दोस्त को ही मार दी गोली
पिस्टल लाने वाला मुख्य आरोपी चंदौली से गिरफ्तार
लखनऊ के बीएड छात्रों के बीच खूनी विवाद
गाजीपुर से मंगाई पिस्टल से सोनू सिंह को सीने में गोली मारी
बहन की शादी में हर्ष फायरिंग के लिए खरीदी थी पिस्टल
विवाद में दोस्त ने साथी को मारी गोली
वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात दोस्त की बहन की शादी में शामिल होने आए लखनऊ के बीएड छात्रों के बीच हुई विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सिंहपुर हसनपुर अंडरपास के पास मामूली विवाद बढ़ने पर आरोपी अखिल पांडेय ने अपने दोस्त सोनू सिंह को सीने में गोली मार दी। हत्या के प्रयास में इस्तेमाल की गई पिस्टल को मुख्य आरोपी आकाश यादव ने अपनी बहन की शादी में हर्ष फायरिंग करने के लिए गाजीपुर से मंगवाया था।
गोली लगने से घायल हुए सोनू सिंह को उसके ही दोस्तों ने मलदहिया स्थित सिंह मेडिकल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंदौली निवासी आकाश यादव और बस्ती निवासी अखिल पांडेय को गिरफ्तार कर लिया है।
हर्ष फायरिंग के लिए मंगवाई थी पिस्टल
सारनाथ थानाध्यक्ष शिवानंद सिसौदिया ने बताया कि रोडवेज पुलिस चौकी से उन्हें देर रात सिंहपुर अंडरपास के पास फायरिंग और एक युवक के घायल होने की सूचना मिली थी। तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र के महाराजगंज निवासी आकाश यादव और बस्ती के कप्तानगंज पढ़नी निवासी अखिल पांडेय को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी आकाश यादव ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन की शादी 29 नवंबर को थी, जिसके लिए उसने गाजीपुर से एक देसी पिस्टल मंगाई थी, जिसका उपयोग शादी में हर्ष फायरिंग के लिए किया जाना था।
कार में हुआ विवाद तो चला दी गोली
आकाश यादव ने पुलिस को बताया कि शनिवार को उसकी बहन की शादी में शामिल होने के लिए लखनऊ से उनके कई दोस्त वाराणसी पहुंचे थे। इनमें देवरिया के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के मिश्ररौली गुनी टोला निवासी प्रिंस यादव, गाजीपुर के रामपुर थाना क्षेत्र के मलह टोला निवासी ऋषभ यादव, रोहतास के डेहरी आन सोन निवासी साहिल राज और कुशीनगर के सेवरही निवासी सोनू सिंह (घायल), तथा बस्ती के अखिल पांडेय शामिल थे।
सभी दोस्त शिवपुर स्टेशन से एक स्कार्पियो गाड़ी में सवार होकर सारनाथ की ओर आ रहे थे। इसी दौरान, गाड़ी में सवार दोस्तों के बीच किसी पुरानी बात को लेकर अचानक विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में अखिल पांडेय ने आकाश द्वारा लाई गई देसी पिस्टल से सोनू सिंह को सीने में गोली मार दी। घायल सोनू सिंह को तत्काल मलदहिया स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया।
देसी पिस्टल बरामद, पिस्टल देने वाला फरार
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई देसी पिस्टल बरामद कर ली गई है। वहीं, पिस्टल उपलब्ध कराने वाले गाजीपुर निवासी युवक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
थानाध्यक्ष ने यह भी पुष्टि की कि सभी आरोपी दोस्त लखनऊ में बीएड के छात्र हैं। घटना की जड़ में पुरानी रंजिश या विवाद है, जिसकी गहन छानबीन की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गोलीबारी में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







