चंदौली में 1.5 करोड़ की बिहार जा रही अंग्रेजी शराब बरामद, राजस्थान का तस्कर लेकर जा रहा था 10 हजार लीटर शराब
चंदौली में सैयदराजा पुलिस और स्वाट टीम ने एनएच-19 पर 1185 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब पकड़ी। 10,451 लीटर शराब की कीमत 1.5 करोड़ है। राजस्थान के बाड़मेर निवासी तस्कर शेरा राम गिरफ्तार।
सैयदराजा में 1185 पेटी शराब बरामद
1.5 करोड़ की अवैध अंग्रेजी शराब
स्वाट-सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता
राजस्थान का तस्कर गिरफ्तार, ट्रक जब्त
हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही थी
चंदौली जिले में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इस अभियान के तहत सैयदराजा पुलिस और स्वाट व सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब की कुल मात्रा 10,451.52 लीटर बताई जा रही है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये है। पुलिस ने इस मामले में राजस्थान के एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है।

काले शाह मजार के पास चेकिंग में पकड़ा ट्रक
पुलिस के अनुसार उच्च अधिकारियों के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक स्वाट टीम राम जन्म यादव, प्रभारी सर्विलांस टीम उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा और थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में टीम चेकिंग कर रही थी।
मुखबिर की सूचना पर टीम काले शाह बाबा की मजार के पास एनएच-19 हाईवे की उत्तरी लेन पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान चंदौली की ओर से आ रहे एक संदिग्ध ट्रक नंबर MH 18 BZ 7720 को रोक लिया गया।
पुलिस को देखते ही चालक ट्रक से उतरकर भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
राजस्थान का रहने वाला है तस्कर
पूछताछ में आरोपी की पहचान शेरा राम उर्फ सुरेश कुमार पुत्र बाला राम के रूप में हुई। वह राजस्थान के बाड़मेर जिले के टाकुबेरी, थाना सिंधरी का रहने वाला है और उसकी उम्र करीब 23 साल है।
ट्रक की तलाशी में पुलिस को पीछे रखी पीली प्लास्टिक की बोरियों में लकड़ी का बुरादा भरा मिला। इसी बुरादे के नीचे छिपाकर विभिन्न ब्रांडों की कुल 1185 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब रखी गई थी। इसमें किंग्स गोल्ड, इंपीरियल ब्लू, मैकडॉवेल, पार्टी स्पेशल और सुपर जुबली ब्रांड की शराब शामिल है।
हरियाणा से बिहार ले जा रहा था शराब
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह हरियाणा से शराब लेकर बिहार में ऊंचे दाम पर बेचने के लिए जा रहा था। बिहार में शराबबंदी होने के कारण वहां तस्करी से मोटा मुनाफा कमाया जाता है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सैयदराजा में मुकदमा अपराध संख्या 293/2026, धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने ट्रक और बरामद शराब को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







