जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

बिहार में बेचने के लिए शराब ले रहे शिवशंकर को चंदौली पुलिस ने पकड़ा, भेज दिया जेल

अपर पुलिस अधीक्षक सदर और क्षेत्राधिकारी सदर के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर मझवार रेलवे रोड के पास घेराबंदी कर युवक को पकड़ा।
 

चंदौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई

आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

अवैध शराब की तस्करी पर निगरानी हुयी है तेज

चंदौली जिले में स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले चंदौली पुलिस ने अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 38 पाउच देशी शराब ब्लू लाईम, प्रत्येक 200 एमएल, कुल लगभग 7.80 लीटर बरामद की गई। पुलिस का कहना है कि यह शराब बिहार में बेचने के लिए ले जाई जा रही थी।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक चंदौली के निर्देश पर जनपद में अवैध शराब व मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हुई। अपर पुलिस अधीक्षक सदर और क्षेत्राधिकारी सदर के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर मझवार रेलवे रोड के पास घेराबंदी कर युवक को पकड़ा।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान
पकड़े गए युवक का नाम शिवशंकर कुमार (उम्र 20 वर्ष) पुत्र विनय राम, निवासी ग्राम दनई, थाना रफीगंज, जनपद औरंगाबाद (बिहार) है। पुलिस के अनुसार, आरोपी यह शराब गुपचुप तरीके से बिहार ले जाकर ऊंचे दाम पर बेचने की फिराक में था।

बरामदगी का विवरण
आरोपी के पास से एक पिट्ठू बैग में भरी 38 पाउच देशी शराब ब्लू लाईम (प्रत्येक 200 एमएल) बरामद हुई, जो कुल 7.80 लीटर है। यह अवैध शराब आबकारी अधिनियम के तहत प्रतिबंधित श्रेणी में आती है।

मुकदमा दर्ज और कार्रवाई
आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली चंदौली में मुकदमा अपराध संख्या 217/2025, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक  संजय कुमार सिंह, कस्बा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक देवेन्द्र बहादुर सिंह के साथ हेड कांस्टेबल विजय कुमार गौड़ शामिल थे। 

पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी
पुलिस अधीक्षक चंदौली ने बताया कि बिहार की सीमा से सटे इलाकों में अवैध शराब की तस्करी पर निगरानी बढ़ा दी गई है। थाना, चौकियों और रेलवे मार्गों पर चेकिंग अभियान तेज किया गया है ताकि स्वतंत्रता दिवस और त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को रोका जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि जिले में अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और पकड़े जाने पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*