चकिया में छठ महापर्व का अद्भुत नजारा: व्रतियों ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य, भजनों से गूंजे गंगा घाट
छठ मैया के गीतों से गुलजार हुए घाट
चकिया में व्रती महिलाओं ने कमरभर पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य
मौके पर दिखे सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बैंड-बाजे के साथ घाट पर पहुंची महिलाएं
विधायक और प्रशासनिक अधिकारी रहे मुस्तैद
चंदौली: लोक आस्था का महापर्व डाला छठ सोमवार की शाम चंदौली जिले के चकिया नगर पंचायत समेत पूरे ग्रामीण अंचल में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी (डूबते हुए) सूर्य को अर्घ्य देकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। इस दौरान जिले के सभी घाटों पर छठ मैया के पारंपरिक भजनों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

भक्तिमय हुआ घाटों का माहौल
चकिया नगर पंचायत की ऐतिहासिक मां काली मंदिर पोखरा, सिकंदरपुर, शिकारगंज, इलिया की महारानी लक्ष्मीबाई अमृत सरोवर, सैदूपुर के महामाया सरोवर, शहाबगंज के कर्मनाशा नदी तट, बसाढ़ी, सरैया, बनरसिया, बरियारपुर, बेन, उसरी, अमांव सहित कई स्थानों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा।

दोपहर 3 बजे से ही व्रती महिलाएं अपने परिजनों के साथ बैंड-बाजे और डीजे की धुन पर छठ के पारंपरिक गीत, जैसे "कांचे ही बासे क बहंगिया, बहंगी लचकत जाए" गाते हुए घाटों तक पहुंचीं। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर आईं और फल-फूल व पूजा सामग्री से भरी सूप और दौरे के साथ पोखरे और सरोवरों के कमरभर पानी में खड़ी होकर भगवान भास्कर के अस्त होने का इंतजार करती रहीं।

अर्घ्य और मंगल कामना
जैसे ही भगवान भास्कर क्षितिज की ओर अस्त होने को आए, व्रतियों के परिजनों ने जल और दूध से अर्घ्य दिया। इस दौरान महिलाओं ने पूरे भाव से सूर्य देव से अपने परिवार के लिए सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। इस दौरान पूरा माहौल आस्था के रंग में सराबोर हो गया।

सुरक्षा और सेवा के कड़े इंतजाम
चकिया मां काली मंदिर पोखरा पर इस अवसर पर भव्य आयोजन किया गया था। मां काली सेवा समिति के अध्यक्ष गुरुदेव चौहान और युगांधर सेवा समिति के अध्यक्ष संदीप मोदनवाल के नेतृत्व में दोनों समितियों ने व्रती महिलाओं और उनके परिजनों के लिए विशेष सेवा प्रदान की। युगांधर सेवा समिति द्वारा रंगारंग भरतनाट्यम की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। नगर पंचायत द्वारा भी सहायता शिविर का आयोजन किया गया था।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से, एडिशनल एसपी दिगंबर कुशवाहा और पुलिस क्षेत्राधिकार रघुराज स्वयं मेला परिसर में मुस्तैद रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पोखरी में किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए नौकाएं तैनात की गई थीं, जिस पर गोताखोर लगातार नजर रखे हुए थे। पुलिसकर्मियों को सुबह पूजन कार्यक्रम संपन्न होने तक मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया गया है।

इस दौरान विधायक कैलाश आचार्य, पूर्व विधायक शिव तपस्या पासवान और जितेंद्र कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव, समाजसेवी डॉक्टर गीता शुक्ला, भाजपा जिला अध्यक्ष काशीनाथ सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







