जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

सैयदराजा क्षेत्र में चल रही भागवत की कथा, तीसरे दिन सूर्यमुनी के साथ डॉ. शंभूनाथ ने लिया संतों का आशीर्वाद

चंदौली के छत्रपुरा में चल रही भागवत कथा में स्वामी लोकेशानंद महाराज ने ध्यान, चक्र जागरण और विदुर-उद्धव मिलन का भावुक प्रसंग सुनाया।

 

चंदौली छत्रपुरा भागवत कथा आयोजन

स्वामी लोकेशानंद महाराज का प्रवचन

विदुर और उद्धव का मिलन प्रसंग

शरीर के सात चक्र जागरण विधि

चंदौली जिले के सैयदराजा नगर पंचायत के समीप स्थित छत्रपुरा गांव इन दिनों भक्ति और आध्यात्म के रंग में पूरी तरह रंगा हुआ है। गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के तीसरे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। मथुरा की पारिजात पीठ से पधारे परम पूज्य स्वामी लोकेशानंद जी सरस्वती महाराज ने अपने ओजस्वी मुखारविंद से कथा की अमृत वर्षा की, जिससे उपस्थित पूरा जनसमूह भावविभोर हो गया। इस पावन अवसर पर राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी पहुंचे।

ध्यान, गुरु मंत्र और चक्र जागरण की महिमा
कथा के दौरान महाराजश्री ने हर दिन कुछ समय ध्यान करने की आदत डालने पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही गुरु मंत्र की महत्ता और गुरुमंत्र लेने की विधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने समझाया कि जीवन में आध्यात्मिक उन्नति और मानसिक शांति के लिए गुरु का मार्गदर्शन बहुत जरूरी है। इसके अलावा शरीर के 7 चक्रों के जागरण की विधि और उनके फायदों के बारे में रोचक जानकारी दी गई, साथ ही भागवत में मुक्ति के मार्ग बताए गए।

विदुर और उद्धव का भावुक मिलन प्रसंग
तीर्थयात्रा के प्रसंग का जिक्र करते हुए महाराजश्री ने बताया कि हस्तिनापुर में धृतराष्ट्र और दुर्योधन के व्यवहार से दुःखी होकर विदुर जी ने महल त्याग दिया था। यात्रा करते हुए जब वे यमुना तट पहुंचे, तो उनकी भेंट श्रीकृष्ण के परम सखा उद्धव जी से हुई। कृष्ण और यदुवंश का कुशल-क्षेम पूछते ही उद्धव जी का गला रुंध गया और उन्होंने भगवान के वैकुंठ प्रस्थान की जानकारी दी। यह सुनकर विदुर जी शोक-विह्वल हो उठे और उद्धव जी ने उन्हें भगवान श्रीकृष्ण का विशेष संदेश सुनाया।

भाजपा नेता की उपस्थिति और भजन संध्या
कथा के तीसरे दिन मुख्य आकर्षण के रूप में सकलडीहा से भाजपा प्रत्याशी रहे युवा नेता सूर्यमुनी तिवारी और भाजपा नेता डॉ शम्भूनाथ गोंड, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने कथा में शिरकत की और विधि-विधान से आरती कर संतों का आशीर्वाद लिया।

इस दौरान गायिका जानकी देवी ने एक से बढ़कर एक मधुर भजन सुनाकर भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। पंडाल का पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। अंत में ग्राम प्रधान गौतम उर्फ विशाल तिवारी ने सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*