जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

राजन जी महाराज की रामकथा का समापन कल, शामिल होंगे उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक

चंदौली के धानापुर में चल रही राजन जी महाराज की रामकथा के अंतिम दिन उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शामिल होंगे। इसके बाद वे वाराणसी के नमो घाट पर एयर शो में हिस्सा लेंगे।

 

धानापुर में राजन जी महाराज की रामकथा

अंतिम दिन शामिल होंगे उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक

सैयदराजा विधायक सुशील सिंह के निमंत्रण पर आगमन

प्रशासन ने की हेलीपैड और सुरक्षा की तैयारी

वाराणसी नमो घाट एयर शो में भी होंगे शामिल

चंदौली जिले के धानापुर स्थित दशमी तालाब परिसर में चल रही अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पूज्य राजन जी महाराज की संगीतमय श्री रामकथा का शनिवार को अंतिम दिन है। इस खास मौके पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक कथा स्थल पर पहुंचकर प्रभु श्री राम की महिमा का श्रवण करेंगे। उप मुख्यमंत्री के आगमन का आधिकारिक प्रोटोकॉल मिलते ही जिला प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है।

विधायक सुशील सिंह के निमंत्रण पर आ रहे हैं उप मुख्यमंत्री
कथा के अंतिम दिन उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का यह दौरा बेहद खास माना जा रहा है। सैयदराजा क्षेत्र के विधायक सुशील सिंह ने उन्हें इस पवित्र आयोजन में शामिल होने के लिए विशेष रूप से आमंत्रित किया था। विधायक सुशील सिंह ने खुद उप मुख्यमंत्री के चंदौली आने की पुष्टि की है। इस खबर के सामने आते ही आयोजकों, स्थानीय कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

कथा स्थल पर सुरक्षा और हेलीपैड की तैयारियां तेज
उप मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कथा स्थल के पास अस्थाई हेलीपैड का निर्माण और रखरखाव तेजी से पूरा किया जा रहा है। दशमी तालाब परिसर में रोजाना हजारों की संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं, इसलिए भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की जा रही है।

राजन जी महाराज के मुखारविंद से बही भक्ति की धारा
धानापुर में बीते कई दिनों से चल रही इस रामकथा में अंतरराष्ट्रीय कथावाचक राजन जी महाराज अपने मधुर भजनों और ओजस्वी वाणी से भगवान श्री राम के जीवन, धर्म और मानवीय मूल्यों का सुंदर बखान कर रहे हैं। इस धार्मिक आयोजन ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया है। अंतिम दिन उप मुख्यमंत्री के आने से कथा में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है।

चंदौली के बाद वाराणसी में नमो घाट एयर शो में होंगे शामिल
रामकथा में हाजिरी लगाने और कथा श्रवण करने के बाद उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक चंदौली से वाराणसी के लिए रवाना होंगे। वाराणसी में उनका रात्रि विश्राम तय किया गया है। इसके बाद वे 25 अक्टूबर को वाराणसी के प्रसिद्ध नमो घाट पर आयोजित होने वाले भव्य एयर शो कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। एयर शो में शामिल होने के बाद वे राजधानी लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*