जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

Vaikuntha Chaturdashi: कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी पर होता है हरि-हर मिलन, जानें एक साथ विष्णु और शिव पूजा की पूरी विधि

कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी को वैकुंठ चतुर्दशी मनाई जाती है। इसे हरि-हर मिलन भी कहते हैं। इस दिन भगवान विष्णु और शिव जी की एक साथ पूजा करने से हर मनोकामना पूरी होती है।

 
 

कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी को हरि-हर मिलन पर्व

भगवान विष्णु और शिव की संयुक्त पूजा

पवित्र नदियों में स्नान और दान महत्व

शिव जी ने दिया था सुदर्शन चक्र

पूजा के बाद जरूरतमंदों को कराएं भोजन

कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि को वैकुंठ चतुर्दशी के रूप में मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु भगवान शिव से सृष्टि के संचालन की जिम्मेदारी वापस लेते हैं। भगवान विष्णु को 'हरि' और भगवान शिव को 'हर' कहा जाता है, इसलिए इस खास दिन को 'हरि-हर मिलन' भी कहते हैं। इस तिथि पर दोनों देवताओं की एक साथ पूजा और अभिषेक करने की परंपरा है। माना जाता है कि ऐसा करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।

vaikuntha-chaturdashi-puja-vidhi-hari-har-milan-katha-importance

पवित्र नदियों में स्नान और दान का विशेष महत्व
कार्तिक मास में सूर्योदय से पहले स्नान, विष्णु-तुलसी पूजन और शाम को दीपदान करने से अक्षय पुण्य मिलता है। वैकुंठ चतुर्दशी की सुबह गंगा, यमुना, शिप्रा और नर्मदा जैसी पवित्र नदियों में स्नान करने का विधान है। अगर नदी तक जाना संभव न हो, तो घर पर ही नहाने के पानी में गंगाजल मिलाकर स्नान कर सकते हैं। स्नान के बाद नदी किनारे किसी को भोजन कराना बेहद शुभ माना जाता है। इस दिन अन्न, वस्त्र, तिल, गुड़, घी, कंबल, ऊनी कपड़े, जूते-चप्पल, चारपाई और छाता आदि का दान करना चाहिए।

ऐसे करें भगवान विष्णु और शिव की पूजा
वैकुंठ चतुर्दशी के दिन दोनों देवताओं की पूजा अलग-अलग तरीके से की जाती है। भगवान विष्णु को तुलसी दल, पीले फूल, फल, धूप, दीप और नैवेद्य चढ़ाया जाता है। वहीं, भगवान शिव का जल, दूध, बेलपत्र और हार-फूल चढ़ाकर अभिषेक किया जाता है। पूजा के दौरान भक्त विष्णु सहस्रनाम, महामृत्युंजय मंत्र, शिव पंचाक्षर मंत्र, 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' और 'ॐ नमः शिवाय' का जप करते हैं। व्रत रखने वाले श्रद्धालु दिनभर उपवास रखकर भगवान का स्मरण करते हैं और पूजा के बाद जरूरतमंदों को भोजन कराकर व्रत का पारण करते हैं।


vaikuntha-chaturdashi-puja-vidhi-hari-har-milan-katha-importance

जब शिव जी ने विष्णु जी को दिया सुदर्शन चक्र
वैकुंठ चतुर्दशी से जुड़ी एक बेहद रोचक पौराणिक कथा भी है। इसके अनुसार, एक बार भगवान विष्णु ने शिव जी को एक हजार कमल के फूल चढ़ाने का संकल्प लिया। पूजा के दौरान भगवान शिव ने उनकी परीक्षा लेने के लिए एक फूल छिपा दिया। एक कमल कम होने पर विष्णु जी ने संकल्प पूरा करने के लिए अपना एक नेत्र शिव जी को अर्पित करने की तैयारी कर ली, क्योंकि उन्हें कमलनयन भी कहा जाता है। विष्णु जी की इस अटूट भक्ति से प्रसन्न होकर शिव जी प्रकट हुए और उन्हें सुदर्शन चक्र भेंट किया। यह घटना कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी को ही हुई थी, इसलिए इस दिन दोनों देवताओं की एक साथ पूजा की जाती है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*