पूर्व मध्य रेल की ऐतिहासिक उपलब्धि, 160 किमी की स्पीड ट्रायल रहा पूर्ण सफल

पं. दीनदयाल उपाध्याय जं. से प्रधान खांटा तक हुआ सफल ट्रायल
मिशन रफ्तार के तहत पूर्व मध्य रेल की एक और उपलब्धि
रेलवे ट्रैक पर 160 किमी/घंटा की गति से दौड़ी स्पेशल ट्रेन
पूर्व मध्य रेल द्वारा रेल परिचालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए मिशन रफ्तार के तहत आज दिनांक 04.04.2025 को महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह के नेतृत्व में 412 किमी लंबे ग्रैंडकॉर्ड रेलखंड के पं.दीनदयाल उपाध्याय जं. से प्रधान खांटा जं. तक एवं वापसी में प्रधान खांटा से पंडित दीनदयाल उपाध्याय जं तक अप एवं डाउन लाईन पर अधिकतम 160 किमी प्रति घंटे तक की गति के साथ स्पेशल ट्रेन द्वारा स्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न की गयी ।

यह पूर्व मध्य रेल के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इस स्पीड ट्रायल के सफलापूर्वक संपन्न होने के साथ ही पूर्व मध्य रेल की उपलब्धियों में एक और अध्याय जुड़ गया है। यह रेलवे की तकनीकी क्षमता को दर्शाता है, साथ ही यह भविष्य में तेज़ और सुरक्षित यात्रा का मार्ग भी प्रशस्त करेगा।

पूर्व मध्य रेल यात्रियों के संरक्षित परिचालन हेतु कृतसंकल्प है । इसी कड़ी में प्रमुख रेलमार्गों पर ट्रेनों की रफ्तार 160 किलोमीटर प्रतिघंटा करने के उद्देश्य से रेलवे ट्रैक के दोनों किनारे सुरक्षा बाड़ लगाए जा रहे हैं । इसके तहत बिहार, झारखंड एवं उत्तर प्रदेश राज्य में पूर्व मध्य रेल क्षेत्राधिकार के लगभग 412 किलोमीटर लंबे ग्रैंड कॉर्ड रेलवे ट्रैक को कवर किया जा रहा है । इनमें प्रधानखंटा से धनबाद, नेसुबो गोमो, कोडरमा, गया, सोननगर होते हुए पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन तक 412 किलोमीटर रेलखंड में अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। इसके साथ इस रेलखंड पर कवच की स्थापना का भी कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है।
इस दौरान पं.दीनदयाल उपाध्याय जं. से गया तक पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री राजेश गुप्ता तथा गया से प्रधान खांटा तक धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री कमल किशोर सिन्हा सहित मुख्यालय एवं निर्माण विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*