जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

नई कोट नहर में डूबे 12 साल के मासूम का कोई अता-पता नहीं, 19 घंटे बाद भी नहीं मिली लाश

चंदौली के अलीनगर में नहर में नहाने गया 12 साल का सावन कुमार गहरे पानी में डूब गया। 19 घंटे बीत जाने के बाद भी मासूम का कोई सुराग नहीं मिला है, जिससे परिजनों में कोहराम मचा है और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है।

 
 

अलीनगर की नई कोट नहर में हादसा

12 वर्षीय सावन कुमार की तलाश जारी

19 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग

NDRF टीम देरी से पहुँचने का आरोप

चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत लौंदा चौकी के पास स्थित नई कोट नहर पुलिया पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ 12 वर्षीय सावन कुमार अपने दोस्त के साथ नहर की तरफ गया था। दोस्त कपड़े धोने की तैयारी में था, तभी सावन नहाने के लिए पानी में उतर गया और देखते ही देखते गहरे पानी में समा गया।

alinagar-canal-drowning-boy-search-operation

दोस्त ने बचाने की कोशिश की, पर नहीं मिली सफलता
सावन को डूबता देख उसके साथ मौजूद दोस्त ने उसे बचाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव तेज और गहरा होने के कारण वह असफल रहा। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत अपने स्तर पर नहर में उतरकर मासूम की खोजबीन शुरू कर दी।

19 घंटे बीते, नहीं मिला कोई सुराग
घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस और स्थानीय लोग लगातार नहर के चप्पे-चप्पे को खंगाल रहे हैं। हालांकि, हादसा हुए 19 घंटे से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन अब तक मासूम सावन का कुछ पता नहीं चल सका है। बालक के न मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।

alinagar-canal-drowning-boy-search-operation

एनडीआरएफ की देरी पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
घटना के इतने घंटे बीत जाने के बाद भी बचाव कार्य में खास सफलता न मिलने से स्थानीय ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन और एनडीआरएफ (NDRF) की टीम को तुरंत सूचना दी गई थी, लेकिन कई घंटे बीत जाने के बाद भी एनडीआरएफ टीम मौके पर नहीं पहुँची, जिससे बचाव अभियान में काफी देरी हुई।

पुलिस का कहना- तलाश जारी है
अलीनगर इंस्पेक्टर गगन राज सिंह ने स्थिति के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम पूरी मुस्तैदी से राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है। गोताखोरों और स्थानीय संसाधनों की मदद से बालक की तलाश लगातार की जा रही है और जल्द से जल्द उसका पता लगाने की कोशिश जारी है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*