जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

नहर में मिले युवक की हत्या का खुलासा: गला दबाकर की गई थी दीपक पांडेय की हत्या, पुलिस जांच में जुटी

विभागीय सूत्रों की माने तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि दीपक की मौत गला दबाने से हुई है। रिपोर्ट में किसी तेजधार हथियार या जहरीले पदार्थ के सेवन का कोई संकेत नहीं मिला है।
 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा गला दबाने से हुई मौत

रेउसा नहर में मिला था युवक का शव

नेगुरा गांव के दीपक पांडेय के रूप में हुई पहचान

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र में 5 नवंबर को रेउसा नहर से मिले युवक के शव की गुत्थी अब सुलझती नज़र आ रही है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि युवक की मौत गला दबाने से हुई थी। यह जानकारी सामने आने के बाद पुलिस अब इस मामले को हत्या के एंगल से देख रही है।

मृतक की पहचान सदर कोतवाली क्षेत्र के नेगुरा गांव निवासी 24 वर्षीय दीपक पांडेय के रूप में पहले ही हो चुकी थी। दीपक पेशे से ऑटो चालक था और टेंगरा मोड़ से चंदौली तक सवारी ढोने का काम करता था। परिजनों के अनुसार, वह 4 नवंबर की सुबह रोज की तरह घर से ऑटो लेकर निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन सुबह अलीनगर थाना क्षेत्र के रेउसा झंडा मुजहरिया पुल के पास नहर में एक अज्ञात युवक का शव मिलने की खबर फैलते ही क्षेत्र में सनसनी मच गई थी।

deepak-pandey-case

सूचना पर अलीनगर थाना प्रभारी अनिल पांडेय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकालकर पुलिस ने उसे कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच के दौरान शव के पास से एक हेक्सा ब्लेड, छोटा तौलिया और इंजेक्शन की शीशी बरामद हुई थी। मृतक के गले पर निशान पाए जाने के कारण मामला पहले ही संदिग्ध माना जा रहा था।

विभागीय सूत्रों की माने तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि दीपक की मौत गला दबाने से हुई है। रिपोर्ट में किसी तेजधार हथियार या जहरीले पदार्थ के सेवन का कोई संकेत नहीं मिला है। इससे पुलिस की जांच अब हत्या की दिशा में आगे बढ़ रही है।

परिजनों ने आशंका जताई है कि दीपक की किसी से विवाद हुआ होगा, जिसके चलते उसकी हत्या की गई। वहीं, थाना प्रभारी अनिल पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद जांच की दिशा स्पष्ट हो गई है। मृतक के संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ की जा रही है और मोबाइल लोकेशन खंगाली जा रही है। पुलिस ने बरामद हेक्सा ब्लेड और इंजेक्शन शीशी को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है ताकि घटना स्थल से कोई ठोस सबूत मिल सके। 

इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी हो और परिवार को न्याय मिले।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*