बारात आने से ठीक पहले दूल्हे ने अड़ा दी मोटरसाइकिल की मांग: दुल्हन के अरमानों पर पानी फेर भागा तौसीफ
चन्दौली के अलीनगर में दहेज की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर ऐन वक्त पर शादी टूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सवा दो लाख कैश और घरेलू सामान देने के बाद भी दूल्हे पक्ष ने बारात लाने से इनकार कर दिया।
बारात आने से पहले टूटी शादी
दूल्हे तौसीफ अहमद पर गंभीर आरोप
बाइक की मांग पर अड़ा दूल्हा
मध्यस्थ मंजूर अंसारी ने लिए रुपये
पीड़ित परिवार ने दी पुलिस तहरीर
चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दहेज लोभियों की एक बेहद शर्मनाक करतूत प्रकाश में आई है। यहाँ बारात आने से ठीक पहले दूल्हा पक्ष द्वारा मोटरसाइकिल की अतिरिक्त मांग रख दी गई। जब वधू पक्ष ने तत्काल बाइक देने में अपनी असमर्थता जताई, तो लड़के वालों ने बारात लाने से साफ इनकार कर दिया। इस घटना से शादी वाले घर में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया और पीड़ित परिवार को भारी सामाजिक व आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
बारात आने से पहले टूटी शादी
— Chandauli Samachar (@chandaulinews) June 5, 2026
दूल्हे तौसीफ अहमद ने निकाह के पहले मांगी बाइक
मंजूर अंसारी के खिलाफ होगी कार्रवाई@alinagarcdi @chandaulipolice @dmchandauli pic.twitter.com/4gomvwnXV9
बिहार से आई थी बारात, पूरी हो चुकी थीं तैयारियां
जानकारी के अनुसार, बिहार के करजी निवासी पीड़ित पिता अब्दुल हक अंसारी ने अलीनगर पुलिस को लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने अपनी पुत्री का विवाह अलीनगर क्षेत्र के आलूमील नई बस्ती निवासी तौसीफ अहमद के साथ तय किया था। निकाह की तिथि 5 जून 2026 निर्धारित की गई थी। लड़की वालों के घर पर रिश्तेदारों और मेहमानों का जमावड़ा लग चुका था और बारात के भव्य स्वागत की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं।
सवा दो लाख कैश और सामान देने के बाद भी बढ़ गया लालच
पीड़ित पिता का आरोप है कि जब रिश्ता तय हुआ था, तब लड़का पक्ष ने दहेज नहीं लेने की बात कही थी। लेकिन बाद में वे अपनी बात से पलट गए और नकद रुपयों की मांग करने लगे। बेटी के सुखी जीवन के लिए परिवार ने उनकी मांग के आगे घुटने टेक दिए और करीब 2.25 लाख रुपये नकद दे दिए। इसके साथ ही पलंग, अलमारी, बड़ा बक्सा और श्रृंगारदान समेत तमाम अन्य आवश्यक घरेलू सामान भी दूल्हे के घर भिजवा दिया गया था।
ऐन वक्त पर बाइक की मांग और बिचौलिये की धोखेबाजी
आरोप है कि जब बारात निकलने का समय आया, तो दूल्हे तौसीफ अहमद की ओर से अचानक एक मोटरसाइकिल की नई मांग रख दी गई। लड़की के लाचार पिता ने जब तुरंत बाइक देने में असमर्थता जताई, तो दूल्हा बारात लाने से मुकर गया। इसके अलावा, शादी तय कराने वाले मध्यस्थ (बिचौलिये) मंजूर अंसारी पर भी ठगी का आरोप है। मंजूर ने शादी कराने के बदले 50 हजार रुपये मांगे थे, जिसमें से 20 हजार रुपये वह पहले ही डकार चुका था।
टेंट, भोजन और सजावट के लाखों रुपये हुए बर्बाद
पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, क्योंकि टेंट, भोजन, लाइटिंग और अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च की गई उनकी जीवनभर की जमा-पूंजी पूरी तरह व्यर्थ हो गई है। अलीनगर थाना पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित पक्ष ने दहेज मांगने, आर्थिक धोखाधड़ी करने और शादी से ऐन वक्त पर इनकार कर मानसिक व आर्थिक क्षति पहुंचाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








