जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

पानी टंकी की चारदीवारी में मिली है अधजली लाश, हत्या कर सबूत मिटाने की कोशिश

चंदौली जिले के अलीनगर में पानी टंकी की चारदीवारी के अंदर एक अज्ञात युवक का अधजला शव मिलने से हड़कंप मच गया है। पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है और शव की पहचान करने में जुटी है।

 

पानी टंकी के पास मिली है लाश 

अधजले शव से इलाके में फैली है सनसनी

अज्ञात युवक की हत्या कर लाश जलाने की आशंका

पुलिस शिनाख्त के लिए कर रही अपने स्तर का प्रयास

सीसीटीवी फुटेज से भी की जा रही मामले की जांच

चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एकौनी गांव में गुरुवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों ने पानी टंकी की चारदीवारी के भीतर एक अज्ञात युवक का अधजला शव पड़ा देखा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। अलीनगर थाना प्रभारी और जफरपुरवा चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।

image

ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह जब स्थानीय लोग पानी टंकी के पास से गुजर रहे थे, तो उन्हें वहां शव दिखाई दिया। शव की भयावह स्थिति देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए और उन्होंने तत्काल इसकी सूचना जफरपुर चौकी को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन उसकी उम्र करीब 35 वर्ष के आसपास आंकी जा रही है।

हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की आशंका
प्राथमिक जांच में पुलिस ने इसे सुनियोजित हत्या का मामला माना है। शव का अधिकांश हिस्सा बुरी तरह जला हुआ है, हालांकि चेहरे का कुछ भाग सुरक्षित है, जिससे शिनाख्त की उम्मीद बंधी है। आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और की गई और सबूतों को मिटाने के इरादे से कातिलों ने शव को यहां लाकर ज्वलनशील पदार्थ से जला दिया।

पुलिस ऐसे कर रही है मामले की
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ अरुण सिंह ने मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय थानों के साथ-साथ पड़ोसी जनपदों में भी युवक की फोटो भेजी गई है। पुलिस की टीम गायब हुए लोगों (गुमशुदगी) के मामलों का मिलान कर रही है ताकि सुराग मिल सके। इसके अलावा, क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को भी खंगाला जा रहा है, ताकि कातिलों का कोई सुराग हाथ लग सके। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पहचान सुनिश्चित होने के बाद ही मौत की असली वजह और घटना के पीछे के कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा। फिलहाल, पूरे इलाके में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*