अलीनगर में खाकी पर जख्मी: होली ड्यूटी के दौरान दरोगा और हेड कांस्टेबल पर शराबियों ने किया जानलेवा वार, हालत गंभीर होने पर रेफर
चंदौली के अलीनगर में होली की रात उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। शराब के नशे में धुत दबंगों ने दरोगा और हेड कांस्टेबल को लहूलुहान कर दिया, जिन्हें गंभीर हालत में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
होली ड्यूटी पर पुलिस टीम पर हमला
दरोगा और हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल
13 नामजद और 6 अज्ञात पर मुकदमा
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा इलाज
अलीनगर थाना क्षेत्र में भारी तनाव
चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र में होली के पावन पर्व पर शांति व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश कर रही पुलिस टीम पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शराब के नशे में धुत उपद्रवियों ने पुलिस टीम को घेरकर धारदार हथियारों, लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में एक उपनिरीक्षक (दरोगा) और एक हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें नाजुक हालत में वाराणसी रेफर किया गया है।

चेकिंग के दौरान उपद्रवियों ने बोला धावा
घटना मंगलवार रात करीब 8:30 बजे की है। अलीनगर थाने पर तैनात आलू मिल चौकी प्रभारी अनिल यादव और कांस्टेबल प्रवेश सिंह क्षेत्र में संदिग्धों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि हापुड़ कॉलोनी चौराहे के पास कुछ लोग शराब पीकर हुड़दंग कर रहे हैं और होलिका के पास उत्पात मचा रहे हैं।
मौके पर मौजूद उपनिरीक्षक दिनेश कुमार सिंह, कांस्टेबल संतोष कुमार और चालक हेड कांस्टेबल अनिल कुमार यादव ने जब उपद्रवियों को शांत कराने और वहां से हटने के लिए कहा, तो भीड़ उग्र हो गई। पुलिस के मना करने पर वहां मौजूद गौतम चौहान, मुकेश चौहान, संतोष यादव समेत दर्जनों लोगों ने पुलिस टीम को चारों तरफ से घेर लिया।
धारदार हथियारों से वार, पुलिसकर्मी हुए बेहोश
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए अचानक धारदार हथियारों और भारी लाठी-डंडों से वार करना शुरू कर दिया। हमला इतना अचानक और जोरदार था कि दरोगा दिनेश कुमार सिंह और हेड कांस्टेबल अनिल यादव लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गए। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायलों को तत्काल रेलवे अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है।
19 लोगों पर मुकदमा, 3 हिरासत में
इस गंभीर मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए 13 नामजद और 6 अज्ञात सहित कुल 19 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित आधा दर्जन से अधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पीडीडीयू नगर के सीओ अरुण सिंह ने बताया कि खाकी पर हमला करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
अलीनगर थाना प्रभारी अनिल पांडे के अनुसार, अब तक तीन नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और विभिन्न ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







