जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

जल निगम की पानी टंकी परिसर में लगी भीषण आग: लाखों रुपये के प्लास्टिक पाइप जलकर राख, शार्ट सर्किट बनी वजह

चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र के रेमा गांव में प्राथमिक विद्यालय परिसर में जल निगम की निर्माणाधीन पानी टंकी के पास रखे लाखों रुपये कीमत के प्लास्टिक पाइपों में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन पाइप जलकर राख हो गए।
 


अलीनगर रेमा गांव में पानी टंकी के पास आग


विद्युत कार्य के दौरान भड़की आग


प्राथमिक विद्यालय परिसर में भीषण आग से लाखों का नुकसान


जल निगम के पाइप जलकर राख

ग्रामीणों ने जताया सुरक्षा इंतजामों पर रोष

चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के रेमा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब निर्माणाधीन जल निगम की पानी टंकी के पास रखे प्लास्टिक पाइप के बंडलों में अचानक आग भड़क उठी। बताया जा रहा है कि परिसर में किए जा रहे विद्युत कार्य के दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसकी चिंगारी पास ही रखे ज्वलनशील पाइपों तक पहुंच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और तेज लपटों ने लाखों रुपये कीमत के पाइप जलाकर राख कर दिए। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि विद्यालय परिसर धुएं से भर गया और आसपास के क्षेत्रों में दहशत फैल गई।

 पुलिस और दमकल की मशक्कत से आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग बुझा ली गई, नहीं तो आग विद्यालय भवन या अन्य सामग्री तक फैलकर नुकसान और अधिक बढ़ सकता था। घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों के साथ अशोक कुमार मौर्या, गुलाब सोनकर, आसिफ अहमद, इबरार अहमद (पूर्व प्रधान) समेत कई लोगों ने आग बुझाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

सुरक्षा इंतजामों पर ग्रामीणों का रोष
स्थानीय लोगों ने पानी टंकी निर्माण कार्य में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न होने पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि आग से जलकर नष्ट हुई पाइपलाइन से गांव की पानी आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। उन्होंने जल निगम अधिकारियों से जल्द क्षतिग्रस्त पाइपों को बदलने और पानी की आपूर्ति सुचारू करने की मांग की। घटना के बाद विभागीय टीम भी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करने में जुट गई है।

 

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*