जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

चंदौली में दर्दनाक हादसा: पचफेड़वा रिंग रोड ब्रिज के नीचे एक्सीडेंट में युवक की मौत, अभी तक नहीं हो पायी पहचान

चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र में पचफेड़वा रिंग रोड ब्रिज के नीचे एक अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हो गई। मृतक को मंदबुद्धि बताया जा रहा है, पुलिस शव को कब्जे में लेकर पहचान में जुटी है।

 
 

चंदौली के अलीनगर में सड़क हादसा

पचफेड़वा रिंग रोड ब्रिज पास दुर्घटना

अज्ञात वाहन की चपेट में आया युवक

मृतक की पहचान कराने में जुटी पुलिस

चंदौली जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। अलीनगर थाना क्षेत्र के पचफेड़वा रिंग रोड ब्रिज के नीचे शनिवार को एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

पचफेड़वा रिंग रोड ब्रिज के पास हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पचफेड़वा रिंग रोड ब्रिज के नीचे किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय निवासियों ने युवक की पहचान करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस अब आसपास के लोगों और अन्य माध्यमों से मृतक की पहचान कराने की कोशिशों में जुटी हुई है। इसके साथ ही दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

मृतक युवक को बताया जा रहा है मंदबुद्धि
मामले की जानकारी देते हुए अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक युवक मंदबुद्धि प्रतीत हो रहा है। हालांकि, अभी तक उसकी आधिकारिक शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों और गांवों में सूचना भेजकर उसकी पहचान सुनिश्चित कराने का प्रयास कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन का पता चलने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*