गोधना नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा, ट्रेलर की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौके पर मौत
गोधना नेशनल हाईवे पर बड़ा हादसा
सड़क किनारे खड़े बुजुर्ग को रौंदा
72 वर्षीय वृद्ध की दर्दनाक मौत
ट्रेलर छोड़कर चालक हुआ फरार
अलीनगर पुलिस जांच में जुटी
चंदौली जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना नेशनल हाईवे के पास शुक्रवार की सुबह एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े बुजुर्ग को बुरी तरह रौंद दिया। इस भीषण हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की हुई पहचान तो परिवार में पसरा मातम
घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना गांव निवासी 72 वर्षीय सिद्धारी पाठक के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि सिद्धारी पाठक किसी काम से सड़क किनारे खड़े थे, तभी एक लापरवाह ट्रेलर चालक उन्हें अपनी चपेट में लेते हुए आगे निकल गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव के तमाम लोग मौके पर एकत्र हो गए।

मौके पर वाहन छोड़कर भागा चालक
हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही बुजुर्ग की सांसें थम गईं। घटना को अंजाम देने के बाद चालक घबरा गया और पकड़े जाने के डर से ट्रेलर को मौके पर ही छोड़कर पैदल फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना अलीनगर थाना पुलिस को दी।
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
सूचना मिलते ही आलू मिल चौकी प्रभारी अनिल यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। साथ ही हादसे में शामिल ट्रेलर को जब्त कर थाने भिजवा दिया गया है।
चौकी प्रभारी अनिल यादव ने बताया कि दुर्घटना करने वाले वाहन को कब्जे में ले लिया गया है और फरार चालक की लगातार तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







