इंस्टाग्राम पर रील बनाने से पति ने रोका तो पत्नी ने लगाई फांसी, विवाहिता की मौत, अलीनगर पुलिस जांच में जुटी
चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम चलाने से मना करने पर पति-पत्नी में विवाद हो गया, जिसके बाद विवाहिता का शव फंदे से लटकता मिला। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति और ससुराल पक्ष पर मामला दर्ज कर लिया है।
अलीनगर के कुछमन गांव में सनसनीखेज घटना
इंस्टाग्राम चलाने को लेकर पति-पत्नी में विवाद
कमरे में पंखे से लटका मिला विवाहिता का शव
मायके पक्ष ने लगाया दहेज उत्पीड़न का आरोप
पुलिस ने दर्ज किया दहेज हत्या का मुकदमा
चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के कुछमन गांव में शनिवार देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका का शव घर के एक कमरे में पंखे के सहारे फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

मोबाइल चलाने को लेकर हुआ था विवाद
झांसी गांव निवासी कपिल देव प्रसाद की पुत्री रोशनी (32 वर्ष) की शादी तीन साल पहले कुछमन गांव निवासी राहुल कुमार से हुई थी। दोनों का 11 महीने का एक बेटा भी है। मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात पति-पत्नी के बीच मोबाइल पर इंस्टाग्राम चलाने और रील बनाने को लेकर कहासुनी हुई थी। पति के मना करने पर विवाद काफी बढ़ गया, जिसके कुछ देर बाद रोशनी ने कमरे में जाकर फंदा लगा लिया।
पति का कहना है कि
पति राहुल ने रोते हुए पुलिस को बताया कि मैं शनिवार रात 11 बजे ड्यूटी से लौटा तो देखा पत्नी इंस्टाग्राम पर रील देख रही थी। मैंने कई बार पानी देने को कहा तो उसने अनसुना कर दिया। गुस्से में आकर मैंने उससे मोबाइल छीन लिया और डांटते हुए कहा- आज के बाद कभी इंस्टाग्राम चलाते मत दिख जाना। हम दोनों पति-पत्नी के बीच कहासुनी के बाद मैं खाना खाकर गुस्से में छत पर सोने के लिए चला गया। रात करीब 12 बजे बेटे के रोने की आवाज सुनी। पत्नी को कई बार आवाज लगाई। लेकिन कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला। मैं नीचे उतरा तो देखा बेडरूम का दरवाजा अंदर से बंद था। बेटा अंदर ही रो रहा था। फिर मेरे काफी देर दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो मैंने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर देखा तो रोशनी पंखे से फंदे के लटकी हुई थी। तुरंत उसे उतारकर पास के अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मैंने रोशनी के पिता को फोन करके घटना की सूचना दी।
मायके पक्ष ने लगाया दहेज उत्पीड़न का आरोप
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। दूसरी ओर, घटना की जानकारी होते ही पहुंचे मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मायके पक्ष का कहना है कि रोशनी को ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था।
पिता की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगन सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आत्महत्या और दहेज उत्पीड़न समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








