जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

DDU रेल मंडल के अमित ने अंतर रेलवे कुश्ती चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक

मंडल क्रीड़ा अधिकारी श्री राहुल राज ने जानकारी दी कि मंडल में खेलों को बढ़ावा देने के लिए सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
 

वाणिज्य विभाग में कार्यरत हैं पहलवान अमित कुमार

66वीं अखिल भारतीय अंतर रेलवे पुरुष कुश्ती चैंपियनशिप

कांस्य पदक जीतकर मंडल का नाम किया रोशन

चंदौली जिले के पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल के वाणिज्य विभाग में कार्यरत अमित कुमार ने 66वीं अखिल भारतीय अंतर रेलवे पुरुष कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर मंडल का नाम रोशन किया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता उत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ द्वारा करनैल सिंह स्टेडियम, नई दिल्ली में 07 अक्टूबर से 09 अक्टूबर 2025 तक आयोजित की जा रही है।

डीडीयू मंडल के जूनियर लिपिक श्री अमित ने प्रतियोगिता के पहले दिन ग्रीको रोमन शैली के 77 किग्रा वर्ग में दमदार प्रदर्शन करते हुए यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। उनकी इस सफलता ने पूर्व मध्य रेल और डीडीयू मंडल का गौरव राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया है।

अमित कुमार की इस शानदार उपलब्धि पर मंडल रेल प्रबंधक सह अध्यक्ष, मंडल क्रीड़ा संघ/डीडीयू, श्री उदय सिंह मीना ने उन्हें हार्दिक बधाई दी।

अमित के कोच श्री के.के. यादव ने बताया कि अमित ने नियुक्ति के उपरांत लगातार पिछले पाँच वर्षों से राष्ट्रीय स्तर की इस चैंपियनशिप में रजत और कांस्य पदक अर्जित कर मंडल का नाम उजागर किया है। यह उनकी संघर्षशीलता और अनुशासन का प्रमाण है।

मंडल क्रीड़ा अधिकारी श्री राहुल राज ने जानकारी दी कि मंडल में खेलों को बढ़ावा देने के लिए सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

उल्लेखनीय है कि यह चैंपियनशिप भारतीय रेल के सर्वश्रेष्ठ कुश्ती प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करती है। श्री अमित ने अपने दमदार कौशल, अनुशासन और संघर्षशीलता से दर्शकों और निर्णायकों दोनों को प्रभावित किया।

डीडीयू मंडल में कार्यरत श्री अमित की यह सफलता न केवल मंडल की खेल संस्कृति को सशक्त करती है, बल्कि मंडल के अन्य उभरते खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत सिद्ध होती है। उनका यह पदक मंडल की खेल परंपरा में एक नया मील का पत्थर है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*