गंगा में नहाते समय किशोर डूबा, रेस्क्यू ऑपरेशन के बावजूद नहीं मिला अरशद का शव
जैतपुरा बड़ी बाजार निवासी मोहम्मद अरशद की मौत
नेशनल इंटर कॉलेज का है छात्र
किशोर के दोस्तों से भी पूछताछ कर रही पुलिस
चंदौली जिले के मुगलसराय थाना अंतर्गत शिवाला पुलिस चौकी क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ है, जहाँ गंगा नदी में नहाने गया एक 15 वर्षीय किशोर डूब गया। किशोर की पहचान वाराणसी के जैतपुरा बड़ी बाजार निवासी मोहम्मद अरशद के रूप में हुई है, जो नेशनल इंटर कॉलेज में कक्षा 9 का छात्र था।

सोमवार की शाम, मोहम्मद अरशद अपने पाँच दोस्तों के साथ गंगा नदी में नहाने के लिए आया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे।
हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन तुरंत हरकत में आया। पुलिस, स्थानीय गोताखोर और एनडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुँचकर किशोर की तलाश शुरू कर दी। देर रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बावजूद अरशद का शव नहीं मिल पाया। रात होने के कारण खोज अभियान रोक दिया गया है, जिसे मंगलवार सुबह फिर से शुरू किया जाएगा।

गंगा में इन दिनों बाढ़ का पानी बढ़ा हुआ है, जिससे नदी की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है। ऐसा माना जा रहा है कि इसी कारण अरशद गहरे पानी में चला गया और यह हादसा हुआ।

हादसे के बाद अरशद के परिवार में मातम छा गया है। माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मुगलसराय कोतवाली पुलिस लगातार शव की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस किशोर के दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि घटना की पूरी जानकारी मिल सके।

मौके पर स्थानीय विधायक रमेश जायसवाल और प्रशासनिक अधिकारी भी पहुँचे और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इस संबंध में मुगलसराय थाना अध्यक्ष गगन राज सिंह ने बताया कि रात होने के कारण खोज अभियान रोक दिया गया है और मंगलवार सुबह फिर से शुरू किया जाएगा।

Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






