आशु विश्वकर्मा की मौत के बाद सड़क पर उतरे आक्रोशित ग्रामीण, जानिए कहां मिली लाश
अलीनगर थाना क्षेत्र के बौरी पुलिया के पास मिला शव
मृतक की पहचान आशु विश्वकर्मा के रूप में हुई
दुकान बंद कर घर लौटते समय हुई संदिग्ध मौत
नियमताबाद में ग्रामीणों ने लगाया सड़क पर जाम
चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नदेसर स्थित बौरी पुलिया के पास रविवार देर रात एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान आशु विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जो पेशे से इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान चलाता था। बताया जा रहा है कि आशु देर रात करीब साढ़े 10 बजे दुकान बंद कर नियमताबाद रोड से होते हुए घर लौट रहा था, तभी उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया और मृतक के परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजनों के थाने पहुंचने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस शुरुआती जांच में इसे हादसा मान रही है, लेकिन ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि शव पर गहरे चोटों के निशान हैं, जो सामान्य दुर्घटना से मेल नहीं खाते।

पुलिस की कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों ने नियमताबाद के पास सड़क पर जाम लगा दिया। उनका आरोप है कि बिना परिवारजनों को सूचना दिए शव को थाने भेजा गया, जिससे आक्रोश और बढ़ गया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई।
सूचना मिलते ही सीओ कृष्ण मुरारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। खबर लिखे जाने तक चक्का जाम जारी था और ग्रामीण निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़े हुए हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। सीओ का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का पता चल पाएगा। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







