जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार BDC सदस्य को रौंदा, मौके पर ही मौत

चंदौली के अलीनगर में एनएच 19 पर एक बेकाबू ट्रक ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में क्षेत्र पंचायत सदस्य धर्मेंद्र तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल है। पूरी खबर पढ़ें।

 
 

अलीनगर हाईवे पर दर्दनाक हादसा

क्षेत्र पंचायत सदस्य की मौत

ट्रक की चपेट में आई बाइक

वाहन समेत फरार हुआ ड्राइवर

घायल युवक जिला अस्पताल भर्ती

चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पचफेड़वा नेशनल हाईवे (एनएच 19) पर रविवार की सुबह एक बड़ा और दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बसन्तु की मड़ई और पछफेड़वा गांव के समीप एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण एक्सीडेंट में बाइक चला रहे क्षेत्र पंचायत सदस्य (BDC) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।

नेत्रालय जा रहे थे दोनों युवक
मृतक की पहचान सदर कोतवाली क्षेत्र के पिपरी गांव के रहने वाले धर्मेंद्र तिवारी (35 वर्ष) पुत्र रंगनाथ तिवारी के रूप में हुई है। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे और क्षेत्र पंचायत सदस्य भी थे। धर्मेंद्र तिवारी चंदौली के 'श्रद्धा नेत्रालय' में काम करते थे। रविवार सुबह वह अपने साथी अमित के साथ टीवीएस बाइक (संख्या UP 65 F 0602) पर सवार होकर बनारस के सुंदरपुर स्थित श्रद्धा नेत्रालय जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह काल बनकर आए ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर मार वाहन समेत भागा ड्राइवर
चश्मदीदों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि धर्मेंद्र सड़क पर गिर गए और अज्ञात ट्रक उन्हें रौंदते हुए तेजी से फरार हो गया। इसके चलते धर्मेंद्र की मौके पर ही सांसें थम गईं। वहीं, बाइक पर पीछे बैठे अमित को भी गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत अमित को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। इस घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
स्थानीय नागरिकों ने हादसे की सूचना तुरंत डायल 112 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची अलीनगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में अलीनगर थाना प्रभारी घनश्याम शुक्ला ने बताया कि मृतक के भाई अजय तिवारी की तरफ से तहरीर मिल गई है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और फरार ट्रक ड्राइवर का सुराग लगाने के लिए हाईवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*