जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

देखें वीडियो..रेवसां गांव में आखिरकार चला बुलडोजर तो खाली हो गयी भारतमाला परियोजना की जमीन

भारतमाला परियोजना राष्ट्रीय महत्व की योजना है, इसलिए इससे जुड़े सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे। ग्रामीणों से भी सहयोग की अपील की गई, ताकि विकास कार्य बिना किसी बाधा के आगे बढ़ सके।
 

अलीनगर थाना क्षेत्र के रेवसां गांव में चला बुलडोजर


तहसील प्रशासन ने भारतमाला परियोजना की खाली करायी जमीन


अधिग्रहित भूमि को खाली कराने के लिए व्यापक अभियान 


एसडीएम-सीओ फोर्स लेकर मौके पर रहे मौजूद

चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के रेवसा गांव में मंगलवार को प्रशासन ने भारतमाला परियोजना के तहत अधिग्रहित भूमि को खाली कराने के लिए व्यापक अभियान चलाया। परियोजना की समय-सीमा पर कार्य पूरा हो सके और सड़क निर्माण तेजी से आगे बढ़े, इसके लिए प्रशासन ने बुलडोजर की मदद से अधिग्रहित क्षेत्र में बने अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, जिन भवन स्वामियों की भूमि परियोजना में आई थी, उन्हें पूर्व में निर्धारित मुआवजा उपलब्ध करा दिया गया था।

बता दे की सुबह से ही एसडीएम डीडीयू नगर अनुपम मिश्रा, सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा और अलीनगर थाना पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रही। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। कार्रवाई शुरू होते ही क्षेत्र में हलचल बढ़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां इकट्ठा हो गए। हालांकि, पुलिस-प्रशासन की मुस्तैदी और शांतिपूर्ण प्रबंधन के चलते पूरा अभियान बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुआ।

इस दौरान एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि परियोजना में अधिग्रहित भूमि पर अवैध निर्माणों को हटाने की प्रक्रिया लगातार जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन लोगों को सरकार द्वारा उचित मुआवजा दिया जा चुका है, उन्हीं के अतिक्रमण पर कार्रवाई की गई है। यह पूरी प्रक्रिया नियमों और निर्धारित प्रावधानों के तहत की जा रही है, ताकि राष्ट्रीय महत्व की परियोजना में किसी प्रकार की रुकावट न आए। उन्होंने जानकारी दी कि परियोजना के दायरे में कुल 114 बस्तियां आती हैं, जिनमें से लगभग 100 से अधिक लोगों को मुआवजा वितरित किया जा चुका है। अभियान में करीब 35 से 40 मकानों को जमींदोज किया गया।

इस मौके पर सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना रही कि किसी भी प्रकार की अनावश्यक अशांति, तनाव या विवाद की स्थिति न पैदा हो। स्थानीय पुलिस, पीएसी और प्रशासनिक अधिकारी लगातार पूरे अभियान की निगरानी में लगे रहे और हर गतिविधि पर बारीकी से नजर बनाए रखी।

 



एसडीएम ने साफ किया कि भारतमाला परियोजना राष्ट्रीय महत्व की योजना है, इसलिए इससे जुड़े सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे। ग्रामीणों से भी सहयोग की अपील की गई, ताकि विकास कार्य बिना किसी बाधा के आगे बढ़ सके।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*