जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

गंगा कटान रोकने के कार्यों को देखकर खुश नहीं हुए मंत्रीजी, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने अफसरों को डांटा

पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब सभी पर्व-त्योहार शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जा रहे हैं।
 

गंगा कटान को रोकने के लिए कुल 831.09 लाख हो रहे खर्च

कार्य में लापरवाही पर अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार

समय से कार्य पूरा करने के निर्देश

चंदौली जिले में गंगा नदी के कटान को रोकने लिए चल रहे कार्यों का निरीक्षण करने शुक्रवार को प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर तहसील अंतर्गत कुंडा खुर्द और कुंडा कला गांव पहुंचे। मंत्री ने गंगा तट पर हो रहे कटान रोधी निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया और कार्यों की गुणवत्ता पर असंतोष जताते हुए मौके पर मौजूद अधिशासी अभियंता (XEN), सहायक अभियंता (AC) सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारियों को फटकार लगाई।

Cabinet Minister Swatantra Dev Singh

बताते चलें कि निरीक्षण के दौरान मंत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कार्य की गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ और निर्धारित समय सीमा में काम पूरा नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि मजदूरों की संख्या बढ़ाई जाए और कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि बाढ़ के दौरान गंगा कटान से ग्रामीणों की जमीन व बस्तियों को सुरक्षित किया जा सके।

स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि गंगा कटान को रोकने के लिए कुल 831.09 लाख रुपये की लागत से लोहे की जाली युक्त पत्थरों का प्रयोग कर 400 मीटर क्षेत्र में सुरक्षा कार्य कराया जा रहा है। यह कार्य क्षेत्र की सुरक्षा के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसे हर हाल में समय पर पूरा किया जाना चाहिए।

पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब सभी पर्व-त्योहार शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जा रहे हैं। “चाहे ईद हो या बकरीद, राम बारात हो या दीपोत्सव, गंगा आरती हो या देव दीपावली – हर आयोजन अब बिना किसी अव्यवस्था के सम्पन्न हो रहा है।

पूर्ववर्ती सपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए मंत्री ने कहा कि पहले ईद और बकरीद पर 24 घंटे बिजली दी जाती थी, जबकि नवरात्र के दौरान घंटों बिजली नहीं मिलती थी। परंतु अब योगी सरकार में सभी धर्मों के लोगों को समान अधिकार और सम्मान मिल रहा है। उन्होंने कहा आज हर धर्म को अपने त्योहार मनाने की पूरी स्वतंत्रता है बस कानून व्यवस्था का उल्लंघन न हो।
 
निरीक्षण के दौरान मंत्री के साथ प्रशासनिक अधिकारी, सिंचाई विभाग के अभियंता, और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। मंत्री के सख्त तेवरों के बाद संबंधित विभागों में हलचल मच गई है और कार्य में गुणवत्ता सुधारने की कवायद तेज कर दी गई है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*