जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

CBSE नेशनल हैंडबॉल: सेमीफाइनल में चंदौली की बेटियों का चला जादू, फाइनल में बनाई जगह

चंदौली के जेएस पब्लिक स्कूल में चल रहे पांच दिवसीय सीबीएसई नेशनल गर्ल्स हैंडबॉल टूर्नामेंट के चौथे दिन खिलाड़ियों का जबरदस्त जलवा दिखा। सेमीफाइनल में टीमों ने फाइनल का टिकट पाने के लिए पूरी जान झोंक दी।

 
 

जेएस पब्लिक स्कूल में हैंडबॉल का रोमांच

लीग मैचों में विदेशी टीमों को मिली मात

केएन मोदी गाजियाबाद की फाइनल में एंट्री

सेमीफाइनल मुकाबलों में कांटे की कड़ी टक्कर

बेटियों ने मैदान पर दिखाया अपना हुनर

चंदौली स्थित जेएस पब्लिक स्कूल, कासिमपुर में खेल का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। यहाँ 1 अक्टूबर से शुरू हुआ पांच दिवसीय 'सीबीएसई नेशनल गर्ल्स हैंडबॉल टूर्नामेंट 2026' अपने चौथे दिन बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुँच गया। प्रतियोगिता के चौथे दिन देश और विदेश से आई अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 की खिलाड़ी बेटियों ने मैदान पर जीत के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी।

अंडर-14 लीग मैचों में नोजगे और केएन मोदी का दबदबा
अंडर-14 वर्ग के लीग मुकाबलों में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। पहले मैच में नोजगे पब्लिक स्कूल राजस्थान ने अवर ओन इंग्लिश स्कूल शारजाह (यूएई) को 11-2 के अंतर से हराया। दूसरे मैच में केएन मोदी गाजियाबाद ने इंडियन स्कूल ओमान को 12-1 के बड़े अंतर से मात दी। वहीं, तीसरे लीग मैच में दुद्दुपूडी इंग्लिश मीडियम स्कूल ने बिरला पब्लिक स्कूल दोहा को 11-1 से हराकर जीत दर्ज की।

अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में दिखा कड़ा मुकाबला
अंडर-17 वर्ग के लीग मैचों में इंडियन स्कूल अल्वाड़ी अल्कवीर ने भारत नेशनल पब्लिक स्कूल दिल्ली को 13-9 से हराया। दूसरे मैच में वेलामल चेन्नई ने आर्मी पब्लिक स्कूल गोपालपुर को कड़े संघर्ष के बाद 10-9 से मात दी। तीसरे मैच में गुजरात की श्री जैन युवक टीम ने ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल अलीगढ़ को 12-7 से हराया।

उधर, अंडर-19 वर्ग में आर्मी पब्लिक स्कूल दिल्ली ने इंडियन स्कूल ओमान को 8-6 से हराया। लक्ष्य पब्लिक स्कूल हिसार ने ज्ञानदीप स्कूल कर्नाटक को 14-8 से शिकस्त दी, जबकि वेलामल चेन्नई ने विवेकानंद केवी असम को 17-5 के बड़े अंतर से हराया।

सेमीफाइनल में केएन मोदी और दिल्ली का जलवा
लीग मुकाबलों के बाद सेमीफाइनल मैचों में जीत हासिल करने के लिए टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। अंडर-14 सेमीफाइनल के पहले मैच में केएन मोदी गाजियाबाद ने दुद्दुपूडी कर्नाटक को बेहद करीबी मुकाबले में 8-7 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।

अंडर-14 के दूसरे सेमीफाइनल में हजारीलाल पब्लिक स्कूल दिल्ली और नोजगे पब्लिक स्कूल राजस्थान के बीच कड़ी भिड़ंत हुई। इस संघर्षपूर्ण मैच में दिल्ली ने 20-19 से जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट कटवाया।

अंडर-17 सेमीफाइनल में वेलामल और पुणे की जीत
अंडर-17 वर्ग के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में वेलामल चेन्नई ने इंडियन स्कूल अल्वाड़ी अल्कवीर को 12-7 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल मैच में कल्याणी पब्लिक स्कूल पुणे ने भारत नेशनल पब्लिक स्कूल दिल्ली को 11-2 से करारी शिकस्त देकर जीत हासिल की। समाचार लिखे जाने तक अंडर-19 वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाने बाकी थे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*