विवाद के बाद बदमाशों व्यापारी के बेटे को मारा चाकू, हालत गंभीर होते ही ट्रॉमा सेंटर रेफर
अलीनगर थाना क्षेत्र के चांदीतारा गांव की घटना
शनि मंदिर पर बुलाकर किया गया हमला
किशोर गंभीर हालत में गिरा लहूलुहान
सीओ व अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची
चन्दौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के चांदीतारा गांव में शुक्रवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। गांव के ही एक किशोर को कुछ युवकों ने शनि मंदिर पर बुलाकर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल किशोर की हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, चांदीतारा गांव निवासी सेठराम पटेल की स्थानीय बाजार में किराने की दुकान है। परिवार में उनकी पुत्री की रिंग सेरेमनी होने वाली है। इसी तैयारी के लिए शुक्रवार को सेठराम अपनी पत्नी व बेटी के साथ बनारस सामान खरीदने गए थे। दुकान पर उनका पुत्र राज पटेल (17) बैठा था। दोपहर लगभग एक बजे राज के मोबाइल पर कुछ युवकों ने कॉल करके उसे पास स्थित शनि मंदिर पर बुलाया।
बताया जाता है कि मंदिर पर पहुंचते ही युवकों ने राज से विवाद करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक युवक ने अचानक चाकू निकालकर राज के पेट में वार कर दिया। गंभीर चोट लगते ही किशोर मौके पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा। हमलावर वहां से फरार हो गए।
घायल किशोर को स्थानीय लोगों ने तुरंत एक क्लीनिक में भर्ती कराया। हालत बिगड़ने पर उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति देखते हुए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। राज इंटरमीडिएट प्रथम वर्ष का छात्र है और उसकी हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलते ही सीओ पीडीडीयू नगर कृष्ण मुरारी शर्मा व अलीनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। प्राथमिक जांच में मामले के पीछे छात्रों का पुराना विवाद सामने आ रहा है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। सीओ ने बताया कि चाकू से हमला करने की घटना की जांच की जा रही है, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






