जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

सोनभद्र और बिहार से मुगलसराय मंडी पहुंच रहा था नकली मावा, खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई; जानें घर पर कैसे करें मिलावट की पहचान।

होली के त्योहार को देखते हुए चंदौली के पीडीडीयू नगर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। एक पिकअप से 10-12 क्विंटल संदिग्ध खोया पकड़ा गया, जिसमें से 2 क्विंटल मिलावटी खोये को तत्काल नष्ट कर दिया गया।

 
 

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में खाद्य सुरक्षा विभाग की रेड

10 से 12 क्विंटल संदिग्ध खोया ले जा रही पिकअप जब्त

सोनभद्र और बिहार से मुगलसराय खोया मंडी हो रही थी तस्करी

डीएम चंद्र मोहन गर्ग के आदेश पर 2 क्विंटल नकली खोया नष्ट

टिंचर आयोडीन से घर पर मिलावट जांचने की स्वास्थ्य अपील

रंगों के त्योहार होली के नजदीक आते ही मिलावटखोर भी सक्रिय हो गए हैं। आम जनता की सेहत से होने वाले इस खिलवाड़ को रोकने के लिए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के सख्त आदेश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ एक सघन अभियान छेड़ दिया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय (पीडीडीयू) नगर के पास विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में मिलावटी खोया (मावा) जब्त किया है।

Image

बिहार और सोनभद्र से मुगलसराय मंडी आ रही थी खेप
जानकारी के अनुसार, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल निवास त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध पिकअप गाड़ी को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें लगभग 10 से 12 क्विंटल खोया लदा हुआ मिला, जिसे बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था। जब वाहन चालक से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने कबूला कि यह खोया सोनभद्र और पड़ोसी राज्य बिहार से तस्करी कर लाया जा रहा था। इस भारी-भरकम खेप को मुगलसराय की प्रसिद्ध खोया मंडी में खपाने की योजना थी।

2 क्विंटल नकली खोया नष्ट, लैब भेजे गए सैंपल
प्रारंभिक जांच और परीक्षण में खोये में भारी मिलावट की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी मुगलसराय और मैना ताली चौकी के पुलिस बल की मौजूदगी में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रणधीर सिंह यादव ने खोये के नमूने संकलित कर उन्हें विस्तृत जांच के लिए लैब भेज दिया है। वहीं, लगभग 2 क्विंटल पूरी तरह से मिलावटी और खाने के अयोग्य पाए गए खोये को चकिया रोड के पास ले जाकर जमीन में डंप कर नष्ट कर दिया गया, ताकि वह बाजार में न पहुंच सके।

टिंचर आयोडीन से करें मिलावट की पहचान: विभाग की अपील
इस बड़ी कार्रवाई के साथ ही खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम जनता और मिठाई कारोबारियों के लिए एक महत्वपूर्ण जनहित अपील भी जारी की है। विभाग ने सलाह दी है कि लोग अपने घरों और दुकानों में 'टिंचर आयोडीन सॉल्यूशन' (Tincture Iodine Solution) जरूर रखें। यह मिलावट जांचने का सबसे आसान तरीका है। यदि खोये पर टिंचर आयोडीन की कुछ बूंदें डालने पर उसका रंग काला पड़ जाता है, तो यह स्पष्ट प्रमाण है कि खोये में स्टार्च या अन्य हानिकारक पदार्थों की मिलावट की गई है। प्रशासन का यह अभियान त्योहार तक लगातार जारी रहेगा।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*