चंदौली समाचार के ऑडियो का बड़ा असर: एडीजी ने लिया संज्ञान, अलीनगर में तेल कटिंग करते 3 तस्कर रंगे हाथ गिरफ्तार।
चंदौली के अलीनगर में 'चंदौली समाचार' के ऑडियो का संज्ञान लेते हुए एडीजी के निर्देश पर वाराणसी SOG और पुलिस ने तेल कटिंग गिरोह का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी में तीन आरोपी गिरफ्तार हुए हैं, जबकि भारी मात्रा में डीजल और वाहन सीज किए गए हैं।
चंदौली समाचार के ऑडियो पर एडीजी का सख्त एक्शन
इंडियन ऑयल डिपो के पास तेल कटिंग का भंडाफोड़
वाराणसी SOG-2 और अलीनगर पुलिस की संयुक्त छापेमारी
मौके से 2 टैंकर, 2 ट्रैक्टर और एक ऑल्टो कार सीज
पुराने तेल तस्करों के नामों का भी हुआ खुलासा
चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे तेल कटिंग (डीजल-पेट्रोल चोरी) के एक बड़े और संगठित नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। 'चंदौली समाचार' द्वारा उजागर किए गए तेल कटिंग के एक वायरल ऑडियो का एडीजी (ADG) स्तर के अधिकारियों ने स्वतः संज्ञान लिया, जिसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया और तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सिविल ड्रेस में पहुंची SOG, रंगे हाथ पकड़े गए आरोपी
विभागीय सूत्रों के अनुसार, इंडियन ऑयल डिपो के पास एक खाली पड़े करकटनुमा मकान में चोरी-छिपे डीजल निकालने का अवैध कारोबार चल रहा था। शुक्रवार दोपहर वाराणसी की एसओजी-2 (SOG-2) टीम सिविल ड्रेस में एक ऑल्टो कार से मौके पर पहुंची। इसके बाद अलीनगर पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त रूप से एक सुनियोजित छापेमारी की गई। पुलिस टीम ने मौके पर टैंकर से डीजल चोरी करते हुए तीन युवकों को रंगे हाथ धर दबोचा। घटनास्थल से तेल निकालने के विशेष उपकरण, ड्रम और गैलनों में भरा कई लीटर चोरी का डीजल बरामद किया गया।
भारी मात्रा में वाहन सीज, आला अधिकारी पहुंचे थाने
इस बड़ी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो ट्रैक्टर, दो टैंकर और एक ऑल्टो कार को अपने कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है। करीब आधा दर्जन स्थानों पर एक घंटे से अधिक समय तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इतनी बड़ी कार्रवाई की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी (एएसपी) अनंत चंद्रशेखर और पीडीडीयू नगर के क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण कुमार सिंह तत्काल अलीनगर थाने पहुंचे और हिरासत में लिए गए तीनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ शुरू कर दी।
पुराने तस्करों के नाम आए सामने, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र से लगातार तेल चोरी की शिकायतें उच्चाधिकारियों को मिल रही थीं। इस पूरी जांच और पूछताछ के दौरान कुछ ऐसे संदिग्ध व्यक्तियों के नाम भी सामने आए हैं, जो पूर्व में भी तेल तस्करी के काले कारोबार में संलिप्त रहे हैं। पुलिस ने उन सभी के नाम डायरी में दर्ज कर लिए हैं और उनकी वर्तमान भूमिका की गहन जांच शुरू कर दी है। गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







