जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

चंदौली में RTO का बड़ा एक्शन: चेकिंग अभियान में 14 वाहन सीज, 11 का कटा चालान

चंदौली के मुगलसराय में आरटीओ प्रवर्तन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 वाहनों को सीज और 11 का चालान किया। इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है।

 

चंदौली में आरटीओ की बड़ी कार्रवाई

मुगलसराय औद्योगिक क्षेत्र में चला अभियान

14 वाहन सीज और 11 चालान

बसों में सुरक्षा मानकों की जांच

नियमों के उल्लंघन पर कड़ा एक्शन

चंदौली जिले में शुक्रवार की सुबह परिवहन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। वाराणसी के आरटीओ प्रवर्तन मनोज वर्मा की अगुवाई में मुगलसराय के औद्योगिक क्षेत्र में जोरदार चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अचानक हुई कार्रवाई से इलाके के वाहन स्वामियों और चालकों में हड़कंप मच गया।

14 वाहन सीज और 11 का चालान
मुगलसराय औद्योगिक क्षेत्र में चली जांच के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले 14 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। इसके अलावा 11 अन्य वाहनों का चालान काटा गया। आरटीओ प्रवर्तन की इस सख्त कार्रवाई के दौरान कई वाहन चालक अपने वाहन छोड़कर भागते नजर आए।

कई जिलों की संयुक्त टीम रही मौजूद
इस बड़े अभियान में केवल चंदौली ही नहीं, बल्कि आसपास के कई जिलों की टीम शामिल थी। इसमें जौनपुर, चंदौली और गाजीपुर के एआरटीओ के साथ वाराणसी के एआरटीओ और पीटीओ ने हिस्सा लिया। चंदौली के एआरटीओ डॉ. सर्वेश गौतम और गाजीपुर के एआरटीओ धनवीर ने खुद गाड़ियों के कागजात और मानकों को जांचा।

बसों में सुरक्षा मानकों की हुई सख्त जांच
अभियान में विशेष रूप से सवारियों से भरी बसों की सुरक्षा पर ध्यान दिया गया। टीम ने बसों में जाकर देखा कि आग बुझाने वाला यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) है या नहीं। साथ ही इमरजेंसी विंडो, सीटिंग क्षमता और बाकी जरूरी इंतजामों की बारीकी से जांच की गई ताकि यात्रियों की जान को खतरा न हो।

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जारी रहेगा एक्शन
आरटीओ प्रवर्तन मनोज वर्मा ने बताया कि सड़क सुरक्षा और परिवहन नियमों का पालन कराने के लिए यह अभियान पूरे वाराणसी जोन में लगातार चलाया जाएगा। नियमों को तोड़ने वाले वाहन मालिकों को बख्शा नहीं जाएगा। परिवहन विभाग की इस मुस्तैदी से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में डर का माहौल है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*