जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

*10वीं के बाद 12वीं में भी टॉपर बना सनबीम का शशांक कुमार मौर्य, वैज्ञानिक बनने के लिए रोज करता है 12 से 13 घंटे की पढ़ाई*

सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में चंदौली के मेधावियों ने परचम लहराया है। सनबीम पब्लिक स्कूल के शशांक कुमार मौर्य ने 99% अंकों के साथ जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं हबीबा इमादी 97.8% अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।

 
 

शशांक कुमार मौर्य 99% अंकों के साथ जिला टॉपर

हबीबा इमादी ने 97.8% अंक पाकर हासिल किया दूसरा स्थान

जिले के 40 स्कूलों के 4,229 परीक्षार्थी हुए थे शामिल

चंदौली जनपद का कुल पास प्रतिशत 72% रहा

टॉपर शशांक ने कक्षा 10वीं में भी हासिल किए थे 99.6% अंक

चंदौली जिले में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) स्कूलों में पढ़ने वाले कई बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया है। बोर्ड द्वारा बुधवार को घोषित 12वीं के परीक्षा परिणाम में चंदौली जिले के मेधावियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। सनबीम पब्लिक स्कूल के छात्र शशांक कुमार मौर्य ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी मेधा का लोहा मनवाया। इसी विद्यालय की हबीबा इमादी ने 97.8 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया। परिणाम घोषित होते ही छात्र-छात्राएं खुशी से झूम उठे और स्कूलों में मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया गया।

कड़ी मेहनत और अनुशासन से मिली सफलता
जिला टॉपर शशांक कुमार मौर्य ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और अपने माता-पिता के सहयोग को दिया है। शशांक ने बताया कि वह प्रतिदिन 12 से 13 घंटे नियमित पढ़ाई करते थे। बचपन से ही कुछ अलग करने के जुनून ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। गौरतलब है कि शशांक ने इससे पहले वर्ष 2024 की कक्षा 10वीं की परीक्षा में भी 99.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर डिस्ट्रिक्ट टॉपर का खिताब अपने नाम किया था।

प्रतिभाशाली पृष्ठभूमि और भविष्य के सपने
शशांक की उपलब्धियों की सूची काफी लंबी है। वह अंतरराष्ट्रीय स्तर की 'मैथ जीनियस प्रतियोगिता' में गोल्ड मेडल जीत चुके हैं और हाल ही में वर्ष 2026 के ओलंपियाड में भी उन्होंने गोल्ड मेडल प्राप्त किया है। विज्ञान के प्रति गहरी रुचि रखने वाले शशांक भविष्य में एक वैज्ञानिक बनकर देश की सेवा करना चाहते हैं।

शशांक के पिता राजाराम मौर्य एक भूतपूर्व सैनिक हैं और वर्तमान में चंदौली के एक प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। उनकी माता मंजू सिंह पूर्व माध्यमिक कंपोजिट विद्यालय में शिक्षिका हैं।

जिले का परीक्षा परिणाम एक नजर में
सीबीएसई 12वीं की परीक्षा के लिए जिले में कुल आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। आंकड़ों के अनुसार, जिले में संचालित कुल 40 स्कूलों के 4,229 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। इसके सापेक्ष जिले का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 72 प्रतिशत रहा। दोपहर में जैसे ही वेबसाइट पर परिणाम अपलोड हुए, सर्वर धीमा होने के कारण शुरुआत में छात्रों को थोड़ी परेशानी हुई, लेकिन जल्द ही परिणाम स्पष्ट होने पर खुशी का माहौल छा गया।

शिक्षकों और अभिभावकों में हर्ष
परिणाम की सूचना मिलते ही सनबीम पब्लिक स्कूल सहित केंद्रीय विद्यालय और जवाहर नवोदय विद्यालय में छात्रों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। शिक्षकों ने मेधावियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधकों ने कहा कि छात्रों की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन का परिणाम है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*