सड़कों पर उतरा 'साइकिल' का सैलाब: कांशीराम जयंती पर पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ ने दिखाई ताकत
चन्दौली में मान्यवर कांशीराम की जयंती पर पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ ने भव्य साइकिल रैली निकालकर अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया। रेवसा रिंग रोड से शुरू हुई इस रैली के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने सामाजिक न्याय और 'बहुजन चेतना' का संदेश जन-जन तक पहुँचाया।
रेवसा रिंग रोड से जिला मुख्यालय तक रैली
पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष बिरेन्द्र बिन्द ने किया नेतृत्व
कांशीराम के सामाजिक योगदान को किया याद
'जिसकी जितनी संख्या भारी' नारे का संकल्प
सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार
चंदौली जिले में बहुजन समाज के महानायक मान्यवर कांशीराम की जयंती के अवसर पर रविवार को जनपद में भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष बिरेन्द्र बिन्द (डॉक्टर) के कुशल नेतृत्व में निकाली गई इस रैली ने जिले की सड़कों पर सामाजिक परिवर्तन की अलख जगाई। रैली का शुभारंभ रेवसा रिंग रोड से हुआ, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए जिला मुख्यालय स्थित मुख्य कार्यालय पर पहुँचकर एक सभा में तब्दील हो गई।
बहुजन चेतना और सामाजिक न्याय पर जोर
जिला मुख्यालय पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए बिरेन्द्र बिन्द ने मान्यवर कांशीराम के जीवन संघर्षों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 15 मार्च 1934 को पंजाब के रोपड़ में जन्मे कांशीराम ने विज्ञान में स्नातक करने के बाद अपना पूरा जीवन शोषितों और वंचितों के अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि कांशीराम का नारा "जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी" आज भी भारतीय राजनीति में सामाजिक न्याय का सबसे मजबूत स्तंभ है।
साइकिल रैली से जन-जागरण का प्रयास
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि यह साइकिल रैली केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि कांशीराम साहब के "सबको शिक्षित, सबको संगठित" करने के विचार को हर घर तक पहुँचाने का एक माध्यम है। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि जब तक बहुजन समाज अपने राजनीतिक और सामाजिक अधिकारों के प्रति सजग नहीं होगा, तब तक वास्तविक बदलाव संभव नहीं है। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया और पूरा मार्ग कांशीराम साहब के जयकारों से गूंज उठा।
दिग्गज नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
इस गौरवमयी आयोजन में मुख्य रूप से वसीम अहमद, राजकुमार पप्पू, राजू बिन्द, राज चौहान, डॉ. गुरुचर बिन्द, डॉ. कैलाश बिन्द, संजय यादव, बबलू बिन्द, समुन्दर बिन्द, बाबा बिन्द और रामधनी यादव सहित दर्जनों वरिष्ठ कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में मान्यवर कांशीराम के बताए मार्ग पर चलने और समाज में भाईचारा एवं समानता स्थापित करने का संकल्प लिया।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







