मुगलसराय में दवा विक्रेता की हत्या के बाद ढांढ़स बंधाने पहुंचे मंत्री अजीत पाल और डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय
चंदौली के मुगलसराय में दवा विक्रेता रोहताश पाल की हत्या के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय और कैबिनेट मंत्री अजीत पाल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कड़ी कार्रवाई और जल्द खुलासे का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने भी घटना का संज्ञान लिया है।
चंदौली दवा विक्रेता रोहताश पाल हत्याकांड
डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने बंधाया ढांढ़स
मंत्री अजीत पाल पीड़ित परिवार से मिले
मुगलसराय हत्या पर कड़ी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने लिया है घटना का संज्ञान
चंदौली जिले के मुगलसराय कस्बे के कैलाशपुरी मोहल्ले में दवा विक्रेता रोहताश पाल की हत्या से स्थानीय लोग मर्माहत और आक्रोशित हैं। सोमवार को दुख की इस घड़ी में संवेदना व्यक्त करने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अजीत पाल पीड़ित परिवार के आवास पर पहुंचे। दोनों नेताओं ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए परिजनों को ढांढ़स बंधाया।
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरी सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने रोहताश पाल को एक सरल और सहज स्वभाव का व्यक्ति बताते हुए कहा कि इस घटना की जितनी भी निंदा की जाए, कम है।
पांडेय ने परिवार को न्याय का आश्वासन देते हुए कहा, "सरकार इस मामले को लेकर गंभीर है। जो भी आरोपी इस घटना में शामिल होंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। जल्द ही पुलिस इस मामले का खुलासा करेगी। परिवार के साथ न्याय होगा और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। दोषी कभी भी बख्शे नहीं जाएंगे।" उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री जी ने भी इस घटना का संज्ञान लिया है और जल्द से जल्द अपराधियों पर कार्रवाई करने के लिए कहा है।
सरकार परिवार के साथ
प्रदेश सरकार में मंत्री अजीत पाल ने भी इस घटना को दुखद बताया। उन्होंने कहा कि नगर में दवा विक्रेता की हत्या होना दुर्भाग्यपूर्ण है। मंत्री पाल ने मुख्यमंत्री द्वारा संज्ञान लेने की बात को दोहराते हुए कहा कि कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पीड़ित परिवार को दिलासा देते हुए कहा, "दुख की इस घड़ी में हम सब परिवार के साथ हैं। पीड़ित परिवार को न्याय अवश्य मिलेगा।"
इस दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, राणा प्रताप सिंह, अखिल पोद्दार, नीना वैश्य, डॉ. विश्वनाथ सिंह चौहान समेत कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं की इस मुलाकात के बाद स्थानीय लोगों में यह उम्मीद जगी है कि पुलिस जल्द से जल्द इस हत्याकांड का खुलासा करेगी और दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






