मुरादाबाद के दो युवकों से मिले 13.33 लाख रुपये: डीडीयू पर जीआरपी ने पकड़ा, आयकर विभाग को सौंपी जांच
डीडीयू स्टेशन पर 13.33 लाख नकदी बरामद
श्रमजीवी एक्सप्रेस से दो संदिग्ध गिरफ्तार
मुरादाबाद निवासी आरोपियों से जीआरपी पूछताछ
वैध दस्तावेज न मिलने पर आयकर जांच
जीआरपी आरपीएफ की संयुक्त चेकिंग कार्रवाई
पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम को शनिवार तड़के बड़ी सफलता मिली। स्टेशन पर चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान टीम ने श्रमजीवी एक्सप्रेस से दो संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके बैग से 13,33,500 रुपये की भारी-भरकम राशि बरामद की गई।
प्लेटफॉर्म नंबर दो पर श्रमजीवी एक्सप्रेस में हुई कार्रवाई
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर स्टेशनों और ट्रेनों में अपराध नियंत्रण को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार तड़के लगभग 3:30 बजे प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर पहुंची 12392 श्रमजीवी एक्सप्रेस के जनरल कोच में जांच की गई। चेकिंग के दौरान दो व्यक्ति पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध हालत में दिखाई दिए।
मुरादाबाद निवासी दो भाई गिरफ्तार, बैग से मिले लाखों रुपये
पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपियों की पहचान वारिस (37 वर्ष) और फईम (45 वर्ष) के रूप में हुई। दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद के मुंडापांडे थाना क्षेत्र स्थित सिरसलेड़ा गांव के रहने वाले हैं। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद पिट्ठू बैग से 13 लाख 33 हजार 500 रुपये कैश मिला।
कागजात न दिखाने पर आयकर विभाग को सौंपी गई जांच
जब जीआरपी ने बरामद नकदी के संबंध में जायज दस्तावेज और स्रोत की जानकारी मांगी, तो दोनों कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद जीआरपी ने तुरंत वाराणसी की आयकर विभाग टीम को सूचित किया। मौके पर पहुंची आयकर विभाग की टीम ने नकदी और आरोपियों को आगे की जांच के लिए हिरासत में ले लिया।
जीआरपी और आरपीएफ की सजगता से मिली सफलता
इस पूरी कार्रवाई में जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारियों तथा जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि रेलवे परिसर में किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों और संदिग्ध आवाजाही को रोकने के लिए चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








