चंदौली DM ने 'सम्मान विशेष विद्यालय' का किया निरीक्षण, बच्चों की मांग पर जल्द मिलेगी स्पोर्ट्स किट
चंदौली के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने अलीनगर स्थित 'सम्मान विशेष विद्यालय' का अचानक निरीक्षण किया। बच्चों से बात करते हुए जब उन्होंने खेल का सामान मांगा, तो डीएम साहब ने तुरंत अधिकारियों को स्पोर्ट्स किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने अलीनगर के विशेष विद्यालय का किया निरीक्षण
दिव्यांग बच्चों ने डीएम से मांगी खेल सामग्री
डीएम ने अफसरों को तुरंत स्पोर्ट्स किट देने के दिए निर्देश
निरीक्षण में उपस्थित मिले 9 विशेष शिक्षक और 4 कर्मचारी
बच्चों की पढ़ाई और सफाई में न हो कोई लापरवाही
चंदौली के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने अलीनगर में मौजूद 'सम्मान विशेष विद्यालय' का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल में पढ़ाई कर रहे दिव्यांग बच्चों को दी जा रही शिक्षा, ट्रेनिंग और अन्य जरूरी सुविधाओं की जमीनी हकीकत जानी।

बच्चों से की दिल खोलकर बात
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सीधे कक्षाओं में पहुंचे और दिव्यांग बच्चों से बड़े ही प्यार और आत्मीयता से बातचीत की। अपने बीच जिले के सबसे बड़े अफसर को पाकर बच्चे काफी खुश नजर आए। इस दौरान बच्चों ने डीएम से खेलकूद के सामान यानी स्पोर्ट्स किट और अन्य जरूरी चीजें दिलाने की मांग रखी।
तुरंत स्पोर्ट्स किट देने का आदेश
जिलाधिकारी ने बच्चों की इस मांग को बहुत ही ध्यान और सहृदयता से सुना। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों के लिए जल्द से जल्द अच्छी गुणवत्ता वाली खेल सामग्री और अन्य जरूरी सामान विद्यालय में मुहैया कराया जाए।

मौके पर 13 में से मौजूद रहे 13 कर्मचारी
इस निरीक्षण के दौरान जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी रत्नेश सिंह भी मौजूद रहे। जांच में पाया गया कि स्कूल में कुल 13 शिक्षक और कर्मचारी तैनात हैं, जिनमें से 9 विशेष शिक्षक (स्पेशल एजुकेटर) और 4 गैर-शिक्षण कर्मचारी मौके पर उपस्थित थे।
काम में लापरवाही न बरतने की हिदायत
डीएम ने स्कूल परिसर में साफ-सफाई, पढ़ाई के माहौल और बच्चों की देखरेख को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि दिव्यांग बच्चों की शिक्षा और उनके कल्याण से जुड़ी योजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








