पुलिस की आंखों के सामने ओवरलोडिंग का खेल, नारियल लदा टेंपो पलटा, बाल-बाल बचे राहगीर
चंदौली के मुगलसराय में ओवरलोडिंग के कारण नारियल से लदा एक टेंपो जीटीआर ब्रिज पर पलट गया। गनीमत रही कि राहगीर बाल-बाल बच गए। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद नियमों की अनदेखी पर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है।
नारियल लदा ओवरलोड टेंपो पलटा
जीटीआर ब्रिज पर मची अफरा-तफरी
राहगीर हादसे में बाल-बाल बचे
पुलिस की मौजूदगी में ओवरलोडिंग जारी
नियमित चेकिंग अभियान चलाने की मांग
चंदौली जिले में ओवरलोड वाहनों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को मुगलसराय कस्बे के जीटीआर ब्रिज के ढलान पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहाँ नारियल से लदा एक ओवरलोड टेंपो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि जिस वक्त टेंपो पलटा, उस समय वहां से गुजर रहे राहगीर उसकी चपेट में आने से बच गए। अगर यह टेंपो किसी पैदल यात्री या बाइक सवार पर गिरता, तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था।

यातायात पुलिस की सुस्ती पर उठे सवाल
हैरानी की बात तो यह है कि यह हादसा ठीक उस जगह के पास हुआ जहाँ यातायात विभाग का पिकेट मौजूद रहता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की नाक के नीचे ओवरलोड वाहन खुलेआम दौड़ रहे हैं, लेकिन उन पर कोई कड़ी कार्रवाई नहीं होती।ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस का सारा ध्यान केवल ऑटो और टोटो की जांच तक ही सीमित रहता है। जबकि क्षमता से कई गुना अधिक सामान लादकर चल रहे इन मालवाहक वाहनों पर कोई सख्ती नहीं दिखाई जाती, जो आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं।
प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि मुगलसराय में ओवरलोडिंग एक पुरानी समस्या बन चुकी है। छोटे-छोटे मालवाहक वाहनों में भी खतरनाक तरीके से सामान लादा जाता है, जिससे वे अपना संतुलन खो देते हैं। इससे सड़क पर चलने वाले आम लोगों की सुरक्षा हमेशा खतरे में रहती है। अब स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारियों से गुहार लगाई है। उनकी मांग है कि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में किसी मासूम की जान न जाए और सड़कों पर सुरक्षा बनी रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








