मुगलसराय की गलियों व रास्तों को सुधारने की कोशिश, 2.23 करोड़ की लागत से सुधरेंगी सड़कें और नालियां
पीडीडीयू नगर के निवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। नगर पालिका ने शहर के आठ प्रमुख वार्डों में जर्जर सड़कों और नालियों के निर्माण के लिए 2.23 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है, जिससे लोगों को जलभराव और आवागमन की समस्या से निजात मिलेगी।
मुगलसराय के आठ वार्डों में होंगे विकास कार्य तेज
कुल 2.23 करोड़ की लागत से बनेंगी सड़कें और नालियां
खस्ताहाल सड़कों से मिलेगी बड़ी राहत
चंदौली जिले के मुगलसराय कस्बे में लंबे समय से खस्ताहाल सड़कों और जलभराव की समस्या रही है। ऐसी समस्या से जूझ रहे पीडीडीयू नगर के निवासियों के लिए अच्छी खबर है। नगर पालिका प्रशासन ने शहर के आठ प्रमुख वार्डों में विकास कार्य शुरू करने की योजना को अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है। शहर की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 2.23 करोड़ रुपये की लागत से सड़क और नाली निर्माण का कार्य जल्द ही धरातल पर उतरेगा।

पिछले एक दशक से बदहाल थी सड़कें
नगर पालिका क्षेत्र के इन आठ वार्डों की सड़कें पिछले दस वर्षों से बदहाल स्थिति में थीं। स्थिति इतनी गंभीर थी कि पैदल चलना भी दूभर हो गया था। स्थानीय लोगों की लंबे समय से मांग थी कि इन जर्जर सड़कों की मरम्मत की जाए। अब 15वें वित्त आयोग के तहत मिलने वाली 2 करोड़ 23 लाख 76 हजार रुपये की धनराशि से इन वार्डों की कायापलट की जाएगी। नगर पालिका चेयरमैन सोनू किन्नर के अनुसार, सड़कों के टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जल्द ही कार्यस्थल पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
किन-किन वार्डों में होगा विकास कार्य?
- इस योजना के तहत शहर के कई प्रमुख हिस्सों में निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं, जिनमें शामिल हैं:---
- वार्ड नंबर 4 (गिधौली): इंटरलॉकिंग और नाली का निर्माण।
- वार्ड नंबर 7 व 8: विकास नगर तिराहे से पथरा की ओर जाने वाले मार्ग पर सीसी सड़क और नाली का निर्माण।
- वार्ड नंबर 8 (पथरा भाग-1): मिट्टी भराई और नाली का कार्य।
- वार्ड नंबर 9 (मुगलचक): सीसी सड़क और नाली का निर्माण।
- वार्ड नंबर 11 (मवई भाग-एक): सीसी रोड और आरसीसी ह्यूम पाइप का कार्य।
- वार्ड नंबर 12 (चंदासी): इंटरलॉकिंग व नाली निर्माण।
- वार्ड नंबर 14 (परशुरामपुर): सीसी रोड व नाली निर्माण।
- वार्ड नंबर 16 (अली नगर): सीसी रोड व पिच रोड व नाली का निर्माण।
जलभराव से मिलेगी नई बस्ती को राहत
सड़क निर्माण के साथ-साथ जल निकासी पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नगर की 'नई बस्ती' स्थित प्राथमिक विद्यालय और आसपास की दलित बस्ती में रहने वाले लोग दशकों से जलभराव की समस्या झेल रहे थे। यहाँ 10 लाख रुपये की लागत से सड़क और नाली का निर्माण कराया जाएगा, जिससे लगभग 100 से अधिक परिवारों को सीधे लाभ मिलेगा।
नगर पालिका चेयरमैन सोनू किन्नर ने स्पष्ट किया है कि प्राथमिकता के आधार पर उन्हीं क्षेत्रों का चयन किया गया है जहाँ सड़कें सबसे अधिक खराब हैं या जल निकासी की समस्या गंभीर है। बिड खुलने के बाद जल्द ही वर्क ऑर्डर जारी कर कार्य को गति प्रदान की जाएगी, ताकि बारिश के मौसम से पहले सड़कों का निर्माण पूरा हो सके और आम नागरिकों को राहत मिल सके।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








