स्टेज पर नोट न पकड़ना डांसर को पड़ा भारी, अलीनगर में रास्ते में रोककर छिनैती और छेड़खानी पर FIR
चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान आर्केस्ट्रा डांसर द्वारा नोट न लेने पर भड़के युवक ने रास्ते में डांसर को रोककर छेड़खानी की और ₹12,000 लूट लिए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पटपरा गांव में भत्तवान कार्यक्रम का आयोजन
स्टेज पर डांसरों के साथ अभद्रता
डांसर पुष्पा के साथ ₹12,000 की लूट
आरोपी अमन चौहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज
अलीनगर पुलिस मामले की जांच में जुटी
चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पटपरा गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक शादी समारोह के दौरान आर्केस्ट्रा डांसर के साथ न सिर्फ अभद्रता की गई, बल्कि कार्यक्रम खत्म होने के बाद उसे रास्ते में रोककर लूटपाट और छेड़खानी को भी अंजाम दिया गया। पुलिस ने इस मामले में एक नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

विवाद की असली जड़: स्टेज पर बदसलूकी
मिली जानकारी के अनुसार, पटपरा गांव निवासी रतन चौहान की शादी से पूर्व 'भत्तवान' कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस खुशी के मौके पर मनोरंजन के लिए आर्केस्ट्रा पार्टी बुलाई गई थी। देर रात तक चल रहे इस कार्यक्रम में गांव के लोग भी झूम रहे थे। इसी दौरान गांव का ही अमन चौहान नामक युवक स्टेज पर चढ़ गया और डांसरों के साथ अभद्रता करने लगा। उसने एक डांसर को नोट देने की कोशिश की, लेकिन डांसर ने उसे नहीं पकड़ा, जो आरोपी को नागवार गुजरा।
रास्ते में घेरकर की ₹12,000 की लूट
विवाद तब और बढ़ गया जब कार्यक्रम खत्म होने के बाद आर्केस्ट्रा टीम वापस लौट रही थी। पीड़िता पुष्पा और उसके साथी ऑटो में सवार होकर घर जा रहे थे, तभी रास्ते में अमन चौहान ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि उसने डांसर पुष्पा के साथ न केवल छेड़खानी की, बल्कि उनसे ₹12,000 की नकदी भी लूट ली। घटना के बाद पीड़िता ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की कार्रवाई हो गयी शुरू
सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी (CO) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी अमन चौहान के खिलाफ लूट और छेड़खानी की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश और मामले की अगली कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








