जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली में भड़काऊ वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने दर्ज की FIR, ईरान के सुप्रीम लीडर को लेकर दे रहा था गाली

चंदौली में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई पर आपत्तिजनक टिप्पणी का वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया है। धार्मिक भावनाओं को आहत करने और शांति भंग करने की कोशिश के आरोप में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

 
 

सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो वायरल

अयातुल्ला खामेनेई पर अभद्र टिप्पणी

अमित यादव के खिलाफ FIR दर्ज

एआईएमआईएम (AIMIM) ने की कार्रवाई की मांग

त्योहारों से पहले शांति व्यवस्था की अपील

चंदौली जनपद में सोशल मीडिया पर एक भड़काऊ वीडियो वायरल होने के बाद सांप्रदायिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। एक युवक ने ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता अयातुल्ला अली खामेनेई और एक विशेष समुदाय के खिलाफ अमर्यादित और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

Image

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ विवादित वीडियो
वायरल वीडियो में युवक 'हर हर महादेव' और 'जय बाबा कीनाराम' के जयघोष के साथ अपनी बात शुरू करता है, लेकिन देखते ही देखते वह बेहद आपत्तिजनक और भड़काऊ भाषा पर उतर आता है। आरोपी ने ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई का नाम लेते हुए उनके समर्थकों और एक विशेष समुदाय के खिलाफ नफरत फैलाने वाले शब्दों का इस्तेमाल किया है। युवक ने धार्मिक आस्थाओं पर चोट करते हुए '72 हूरों के पास भेजने' जैसी धमकी भरी बातें भी कहीं, जिससे इलाके के लोगों में भारी गुस्सा है।

AIMIM ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
इस मामले को लेकर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के जिला अध्यक्ष डॉ. अलाउद्दीन कादरी ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने क्षेत्राधिकारी (सीओ) पीडीडीयू नगर से मुलाकात कर लिखित शिकायत सौंपी। डॉ. कादरी का कहना है कि आगामी रमजान और होली के त्योहारों को देखते हुए इस तरह की हरकतें आपसी भाईचारे और जिले की शांति व्यवस्था को भंग करने की एक सोची-समझी साजिश है। उन्होंने मांग की है कि ऐसे अराजक तत्वों पर कठोर कार्रवाई की जाए ताकि समाज में गलत संदेश न जाए।

पुलिस ने दर्ज कर ली है एफआईआर 
पीडीडीयू नगर के क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर अलीनगर थाना क्षेत्र के लंका रोड (वार्ड नंबर 16) निवासी अमित यादव उर्फ मुलायम यादव के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित की हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

सीओ ने जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने चेतावनी दी है कि जो भी व्यक्ति सोशल मीडिया के माध्यम से जिले का माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा, उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*