सड़क सुरक्षा का 'चन्दौली मॉडल': चालान नहीं, अब हेलमेट देकर जान बचाएगी पुलिस; चकिया तिराहा और गोधना चौराहे पर खुला 'हेलमेट बैंक'
चंदौली पुलिस ने सड़क सुरक्षा के लिए "ऑपरेशन ट्रैवल सेफ" शुरू किया है। इसके तहत पुलिस बिना हेलमेट चालकों का चालान काटने के बजाय उन्हें 'हेलमेट बैंक' से हेलमेट उपलब्ध करा रही है, ताकि हर नागरिक सुरक्षित अपने घर पहुँच सके।
ऑपरेशन ट्रैवल सेफ" अभियान का शुभारंभ
चकिया और गोधना पर 'हेलमेट बैंक'
50 चालकों को पुलिस ने पहनाया हेलमेट
चालान की जगह सुरक्षा पर फोकस
जिम्मेदारी निभाने पर हेलमेट वापसी की शर्त
चंदौली जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम जनमानस को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए चंदौली पुलिस ने एक बेहद सराहनीय और मानवीय पहल शुरू की है। शनिवार, 28 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे एवं अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) अनन्त चन्द्रशेखर (IPS) के निर्देशन में जनपद में “ऑपरेशन ट्रैवल सेफ” का आगाज किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य दंडात्मक कार्रवाई के बजाय व्यवहार परिवर्तन के जरिए लोगों की जान बचाना है।
भीड़भाड़ वाले चौराहों पर बना 'हेलमेट बैंक'
इस ऑपरेशन की सबसे खास विशेषता 'हेलमेट बैंक' की स्थापना है। फिलहाल प्रायोगिक तौर पर जनपद के दो सबसे व्यस्ततम स्थलों— चकिया तिराहा और गोधना चौराहा पर हेलमेट बैंक रखवाए गए हैं। यहाँ पुलिस टीम उन दोपहिया वाहन चालकों को रोक रही है जो बिना हेलमेट के यात्रा कर रहे हैं। पुलिस उन्हें नियमों का पाठ पढ़ाने के साथ-साथ मौके पर ही हेलमेट उपलब्ध करा रही है।
50 लोगों को पहनाया सुरक्षा कवच, 6 ने निभाया वादा
क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह और यातायात प्रभारी सत्य प्रकाश यादव ने टीम के साथ खुद सड़क पर उतरकर मोर्चा संभाला। पुलिस ने 50 ऐसे चालकों को चिन्हित किया जो बिना हेलमेट थे, उन्हें जीवन की महत्ता समझाई और अपने हाथों से हेलमेट पहनाया। पुलिस द्वारा इन नागरिकों का नाम, पता और आईडी कार्ड नोट किया जा रहा है, ताकि वे जिम्मेदार नागरिक की तरह हेलमेट वापस कर सकें। अभियान की सफलता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कार्यक्रम के दौरान ही 6 व्यक्तियों ने नया हेलमेट खरीदकर पुलिस द्वारा दिए गए हेलमेट को वापस कर अपनी जिम्मेदारी निभाई।
चालान काटना उद्देश्य नहीं, सुरक्षा प्राथमिकता
अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन स्वामियों से विशेष अनुरोध किया कि वे दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें। यातायात पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि उनका उद्देश्य चालान काटकर राजस्व वसूलना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक नागरिक सुरक्षित अपने घर पहुँचे।
क्षेत्राधिकारी यातायात ने अपील की है कि नागरिक हेलमेट केवल जुर्माने से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपने परिवार की खुशियों के लिए पहनें। चंदौली पुलिस का यह जागरूकता अभियान जनपद में निरंतर जारी रहेगा, जिससे "सुरक्षित सफर, सुरक्षित परिवार" का संकल्प साकार हो सके।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







