जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

अब नए स्टाइल से पेट्रोलियम कंपनियों को समझा रहे हैं SP साहब, ऐसे टैंकर ड्राइवरों की खैर नहीं

चंदौली में तेल चोरी और तस्करी रोकने के लिए पुलिस अधीक्षक ने IOCL, HPCL और BPCL के प्रबंधकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। तस्करी में संलिप्त चालकों को बाहर करने और निगरानी बढ़ाने के लिए कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।

 
 

ऑयल तस्करी रोकने को बड़ी बैठक

दागी ट्रांसपोर्टर और चालकों पर पाबंदी

पुलिस-पेट्रोलियम कंपनियों का 'क्विक रिस्पांस'

डिपो परिसर के आसपास बढ़ी निगरानी

तस्करी की सूचना देने के सख्त निर्देश

चंदौली जनपद में तेल तस्करी और ऑयल कटिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने अब सीधा प्रहार शुरू कर दिया है। शनिवार, 28 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने जिले में स्थित पेट्रोलियम डिपो (IOCL, HPCL और BPCL) के प्रबंधकों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य तस्करी के सिंडिकेट को ध्वस्त करना और सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाना था।

दागी चालकों और ट्रांसपोर्टरों की अब खैर नहीं
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कड़े तेवर दिखाते हुए पेट्रोलियम अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जो ट्रांसपोर्टर लगातार ऑयल तस्करी या कटिंग की घटनाओं में संलिप्त पाए जाते हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जो चालक पूर्व में तेल चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं, उन्हें किसी भी सूरत में दोबारा काम पर न रखा जाए। एसपी ने प्रबंधकों से कहा कि वे अपने स्तर पर ऐसे चालकों और ट्रांसपोर्टरों की सूची तैयार करें और उन्हें ब्लैकलिस्ट करें।

निगरानी बढ़ाएगी अलीनगर पुलिस
पुलिस अधीक्षक ने डिपो परिसर और उसके आसपास के संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऑयल कटिंग या चोरी की कोई भी छोटी सी सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि अपराधियों के विरुद्ध समय रहते प्रभावी विधिक कार्यवाही की जा सके। सूचना तंत्र को मजबूत करने के लिए पुलिस और पेट्रोलियम कंपनियों के बीच समन्वय बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

आपातकालीन प्रबंधन और क्यूआरटी (QRT)से एक्शन
सुरक्षा के साथ-साथ बैठक में आपातकालीन स्थितियों पर भी चर्चा हुई। किसी भी अप्रिय घटना या आगजनी जैसी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और पेट्रोलियम कंपनियों के बीच एक 'त्वरित रिस्पांस तंत्र' (Quick Response Team) को सक्रिय करने पर सहमति बनी। इस बैठक में शैलेंद्र सिंह (मुख्य प्रबंधक HPCL), एस.आर. राय, प्रकाश चौधरी और शोयब अहमद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*