कप्तान का बड़ा एक्शन: अलीनगर थाने के दारोगा वीरेन्द्र यादव निलंबित, लूट और सुसाइड केस में गड़बड़ी का मामला
चन्दौली के अलीनगर थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर वीरेन्द्र यादव को एसपी आकाश पटेल ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। स्वर्ण व्यवसायी से लूट और युवती के सुसाइड केस में घोर लापरवाही और अधिकारियों को गुमराह करने के चलते यह बड़ी कार्रवाई हुई है।
अलीनगर के दारोगा वीरेन्द्र यादव निलंबित
स्वर्ण व्यवसायी लूट कांड में खुली पोल
लापता युवती मामले में दी भ्रामक जानकारी
लापरवाही पर एसपी आकाश पटेल सख्त
विभागीय जांच के साथ लाइन हाजिर
चन्दौली जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ रखने और पुलिसिंग को पारदर्शी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने एक और बड़ा कदम उठाया है। एसपी ने कर्तव्यों के प्रति स्वेच्छाचारिता, अनुशासनहीनता तथा उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने के गंभीर आरोपों में अलीनगर थाने पर तैनात उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) वीरेन्द्र यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
स्वर्ण व्यवसायी से लूट और टप्पेबाजी मामले में लापरवाही
निलंबित उपनिरीक्षक वीरेन्द्र यादव के खिलाफ अपराध नियंत्रण और विवेचनात्मक कार्यों में घोर लापरवाही बरतने के प्रमाण मिले हैं। अलीनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीते 28 मई 2026 को एक स्वर्ण व्यवसायी के साथ बड़ी लूट की वारदात हुई थी। जांच में सामने आया कि इसी दुकान में कुछ दिनों पहले टप्पेबाजी भी हुई थी, जिसकी सूचना होने के बावजूद दारोगा द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई थी।
लापता युवती का मिला था शव, अधिकारियों को दी भ्रामक सूचना
दारोगा वीरेन्द्र यादव पर दूसरा बेहद गंभीर आरोप एक युवती की गुमशुदगी और सुसाइड नोट से जुड़ा है। एक युवती सुसाइड नोट छोड़कर गायब हो गई थी, जिसका मामला करीब दो महीने तक लंबित रहा और सब-इंस्पेक्टर ने इसकी ठीक से जांच नहीं की। हैरानी की बात यह है कि गुमशुदगी वाले दिन ही वाराणसी के रामनगर थाने में उस युवती की मृत्यु हो गई थी, लेकिन दारोगा ने अधिकारियों को झूठी और भ्रामक जानकारी दी कि उन्होंने आस-पास के जिलों में अज्ञात शवों की शिनाख्त कर ली है। इस घोर लापरवाही के कारण मृतका के परिजनों को बिना सूचना मिले ही पुलिस ने युवती के शव का अंतिम संस्कार अज्ञात के रूप में कर दिया था।
पुलिस कप्तान ने दी सख्त चेतावनी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सब-इंस्पेक्टर वीरेन्द्र यादव को सस्पेंड कर पुलिस लाइन चन्दौली से संबद्ध कर दिया है और उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं। एसपी चन्दौली ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि जनता की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई न करना और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग की छवि धूमिल करने वाले हर पुलिसकर्मी के खिलाफ ऐसी ही कठोर दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








