जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

यातायात पुलिस का बड़ा एक्शन, चंदौली में 539 वाहनों का चालान, वसूला 7 लाख से अधिक का जुर्माना

चंदौली में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। सोमवार को चंधासी कोयला मंडी व नेशनल हाइवे सहित विभिन्न क्षेत्रों में 539 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 7,01,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

 
 

यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई

539 वाहनों का कटा चालान

7 लाख से अधिक का जुर्माना

चंधासी कोयला मंडी में चेकिंग

11 दिनों में 66 लाख जुर्माना

चंदौली जिले में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़, सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से उच्चाधिकारियों के कड़े निर्देशन में चंदौली पुलिस द्वारा एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार 18 मई 2026 को यातायात पुलिस टीम ने नेशनल हाइवे, आलमपुर और चंधासी कोयला मंडी सहित जनपद के कई प्रमुख और व्यस्त मार्गों पर सघन चेकिंग की। इस अभियान के तहत मुख्य रूप से सड़कों पर आवागमन बाधित करने वाली अवैध पार्किंग (नो-पार्किंग) और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ बेहद सख्त रुख अपनाया गया।

अभियान के दौरान नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले और यातायात को बाधित करने वाले वाहनों को चिन्हित कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई। आंकड़ों के अनुसार, आज की कार्रवाई में 'नो पार्किंग' जोन में खड़े 144 वाहनों का चालान काटा गया, जबकि गंभीर उल्लंघन करने वाले 08 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। इसके अलावा, ब्रेथ एनलाइज़र मशीन के माध्यम से जांच करने पर शराब का सेवन कर वाहन चलाते पाए गए 02 चालकों के विरुद्ध भी विधिक चालान की कार्रवाई की गई। वहीं, बिना हेलमेट पहने दुपहिया वाहन दौड़ाने वाले 126 चालकों सहित कुल 539 वाहनों का चालान कर आज कुल 7,01,000 रुपये का भारी-भरकम जुर्माना अधिरोपित किया गया।

11 दिनों में वसूला 66 लाख से अधिक का जुर्माना
यातायात पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, यह सख्ती केवल आज तक ही सीमित नहीं है। पिछले 11 दिनों से चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत अब तक कुल 3,628 वाहनों के विरुद्ध चालान की सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा चुकी है। इन कार्रवाइयों के माध्यम से कुल 66 लाख 36 हजार रुपये का भारी जुर्माना नियम तोड़ने वाले वाहन स्वामियों पर लगाया जा चुका है।

इस महाअभियान के दौरान पुलिस टीम ने केवल दंडात्मक कार्रवाई ही नहीं की, बल्कि सड़कों पर चल रहे वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। पुलिस अधिकारियों ने वाहन स्वामियों को सड़क सुरक्षा नियमों का ईमानदारी से पालन करने, गाड़ी चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करने, बिना हेलमेट या सीट बेल्ट के यात्रा न करने और विशेष रूप से शराब व किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों का सेवन कर स्टीयरिंग न थामने की सख्त हिदायत दी। वाहन चालकों को समझाया गया कि जरा सी लापरवाही से होने वाले सड़क हादसों में परिवार उजड़ जाते हैं, इसलिए नियम का पालन स्वयं की सुरक्षा के लिए करें।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*