कप्तान साहब एक नज़र इधर भी! मुगलसराय-वाराणसी सड़क पर ट्रैफिक पुलिस पर भारी वाट्सएप का ये सिंडिकेट
चंदौली में ट्रैफिक पुलिस की चेकिंग लोकेशन लीक करने वाले एक व्हाट्सएप ग्रुप का कथित ऑडियो वायरल हुआ है। 'मनीष' नाम के शख्स पर ई-रिक्शा और ऑटो चालकों से वसूली कर पुलिस को चूना लगाने का गंभीर आरोप है।
व्हाट्सएप ग्रुप का कथित ऑडियो वायरल
पुलिस चेकिंग की लोकेशन होती थी लीक
मनीष नामक युवक का नाम आया सामने
ऑटो चालकों से मोटी धनउगाही का आरोप
कप्तान आकाश पटेल की कार्रवाई पर टिकी नजरें
चंदौली जिले में इन दिनों सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस महकमे और यातायात विभाग की नींद उड़ा दी है। इस वायरल ऑडियो में दावा किया जा रहा है कि पुलिस द्वारा की जाने वाली चेकिंग की सटीक लोकेशन पहले ही लीक कर दी जाती है। इस खुलासे के बाद समानांतर चल रहे एक बड़े नेक्सस की चर्चा तेज हो गई है।
व्हाट्सएप ग्रुप का कथित ऑडियो वायरल
— Chandauli Samachar (@chandaulinews) June 18, 2026
पुलिस चेकिंग की लोकेशन होती थी लीक
मनीष नामक युवक का नाम आया सामने
ऑटो चालकों से मोटी धनउगाही का खेल
आप भी सुनिए पूरी बात@Uppolice @chandaulipolice @IgRangeVaranasi @adgzonevaranasi pic.twitter.com/a60lIhCceC
व्हाट्सएप ग्रुप और 'मनीष' का कनेक्शन
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस पूरे खेल के पीछे मनीष नामक एक युवक का नाम सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि मुगलसराय, वाराणसी और चंदौली के रूट पर चलने वाले ई-रिक्शा और सीएनजी ऑटो चालकों के लिए खास व्हाट्सएप ग्रुप बनाए गए हैं। जैसे ही ट्रैफिक पुलिस कहीं चेकिंग लगाती है, उसकी सूचना तुरंत ग्रुप में डाल दी जाती है।

परमिट नियमों की धज्जियां और धनउगाही
इस ग्रुप का मुख्य मकसद बिना परमिट या नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑटो चालकों को पुलिसिया कार्रवाई से बचाना है। इतना ही नहीं, यह भी आरोप लग रहे हैं कि चेकिंग की एडवांस लोकेशन देने के बदले चालकों से मोटी रकम वसूली जाती है। अगर इस मामले की गहराई से जांच होती है, तो कई सफेदपोश और रसूखदार लोग इस जांच के घेरे में आ सकते हैं।
पुराने मामलों की याद हुई ताजा
यह कोई पहला मामला नहीं है जब चंदौली में इस तरह का ऑडियो लीक हुआ हो। इससे पहले तत्कालीन पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के समय में भी अवैध तेल कटिंग का एक ऑडियो वायरल हुआ था। उस समय वाराणसी जोन के एडीजी ने खुद मामले का संज्ञान लिया था, जिसके बाद अलीनगर इलाके में बड़ी छापेमारी और कार्रवाई देखने को मिली थी।
कप्तान आकाश पटेल पर टिकीं निगाहें
इस नए मामले के सामने आने के बाद अब जिले के वर्तमान पुलिस अधीक्षक (SP) आकाश पटेल पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। आम जनता और ईमानदार परिवहन कर्मियों के बीच इस बात की उत्सुकता है कि क्या इस कथित ऑडियो की जांच कराई जाएगी? देखना दिलचस्प होगा कि इस नेक्सस के सरगना मनीष और उसके साथियों के खिलाफ पुलिस कब और क्या कड़ा एक्शन लेती है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








