चंदौली के यातायात सिपाहियों का दर्द: फटी चादर और प्लास्टिक की छांव में ड्यूटी करने को मजबूर ट्रैफिक पुलिस, देख लीजिए कप्तान साहब
भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच चंदौली के यातायात पुलिसकर्मी विपरीत परिस्थितियों में ड्यूटी कर रहे हैं। नेशनल हाईवे पर फटी चादर और प्लास्टिक के सहारे छांव बनाने को मजबूर इन जवानों की स्थिति देखकर राहगीर भी भावुक हैं।
फटी चादर और प्लास्टिक का अस्थाई शेड
भीषण गर्मी में घंटों हाईवे पर ड्यूटी
जवानों के लिए मूलभूत सुविधाओं का अभाव
जिला प्रशासन से बूथ बनाने की मांग
सीओ ट्रैफिक ने दिया जमीन चिन्हित करने का भरोसा
चंदौली जिले में इन दिनों सूरज आग उगल रहा है। जहां आम नागरिक इस भीषण गर्मी में घरों से निकलने में परहेज कर रहे हैं, वहीं सड़कों पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने वाले पुलिसकर्मी बेहद दयनीय स्थिति में ड्यूटी करने को मजबूर हैं। नेशनल हाईवे पर तैनात यातायात सिपाहियों की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के दावों पर सवालिया निशान लगा दिया है।
फटी चादर और प्लास्टिक बना सुरक्षा कवच
चंदौली सदर स्थित नेशनल हाईवे पर ड्यूटी दे रहे यातायात सिपाहियों की स्थिति देखकर राहगीर भी भावुक हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि कहीं पुलिसकर्मी एक पुरानी फटी हुई चादर को लकड़ी के सहारे बांधकर अस्थाई छांव तलाश रहे हैं, तो कहीं काली प्लास्टिक के टुकड़े के नीचे खड़े होकर खुद को लू से बचाने की कोशिश कर रहे हैं। संसाधनों के नाम पर इन जवानों के पास न तो बैठने के लिए कोई बूथ है और न ही धूप से बचने का कोई ठोस इंतजाम।

जनता की सुरक्षा के लिए तप रहे जवान
इतनी विषम परिस्थितियों के बावजूद, ये जवान लगातार अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। सड़क पर खड़े होकर घंटों ट्रैफिक संचालन करना, ताकि मजदूरों, वाहन चालकों और आम जनता को कोई असुविधा न हो, इनकी प्राथमिकता बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जो जवान दूसरों की राह आसान करते हैं, आज उनकी खुद की स्थिति दयनीय बनी हुई है।

स्थायी बूथ और सुविधाओं की उठ रही मांग
स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रमुख चौराहों और हाईवे के पॉइंट्स पर यातायात पुलिस के लिए स्थायी बूथ बनाए जाएं। इन बूथों में पीने के पानी, पंखे और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। लोगों ने याद दिलाया कि पहले समाजसेवियों द्वारा जवानों को काले चश्मे, ठंडा पानी और ओआरएस जैसी चीजें दी जाती थीं, जो अब बंद नजर आ रही हैं।
प्रशासन का पक्ष: जल्द होगी व्यवस्था
इस गंभीर मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए यातायात क्षेत्राधिकारी (सीओ) कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि पुलिसकर्मियों की कठिनाइयों का संज्ञान लिया गया है। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिसकर्मियों की सुविधा के लिए हाईवे के आसपास उपयुक्त सरकारी जमीन चिन्हित की जाएगी। जमीन मिलते ही वहां व्यवस्थित बूथ बनवाए जाएंगे, ताकि भविष्य में जवानों को ऐसी चिलचिलाती धूप और गर्मी में राहत मिल सके। फिलहाल, यह देखना होगा कि यह आश्वासन कब तक धरातल पर उतरता है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








