जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

महेवा में ट्रामा सेंटर में जल्द शुरू होगा इलाज, आवासीय परिसर का निर्माण अंतिम चरण में

चंदौली जिले के नियामताबाद विकासखण्ड के महेवा में नेशनल हाईवे के किनारे बनने वाले ट्रामा सेंटर में मई माह से इलाज की सुविधा मिलने की संभावना है। दो मंजिले भवन निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है।
 

10 आईसीयू बेड की भी रहेगी व्यवस्था

मेडिकल कालेज से होगा कनेक्ट व संचालित

ओटी, आईसीयू में मिलेंगी ये सब सुविधाएं

चंदौली जिले के नियामताबाद विकासखण्ड के महेवा में नेशनल हाईवे के किनारे बनने वाले ट्रामा सेंटर में मई माह से इलाज की सुविधा मिलने की संभावना है। दो मंजिले भवन निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है। अब रंग रोगन के साथ टाइलीकरण, खिड़की, दरवाजा आदि का कार्य कराया जा रहा है। जबकि चिकित्सकों और स्टाफ के लिए बन रहा आवासीय परिसर का निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में हैं। इसके चालू हो जाने से दुर्घटना में गंभीर रूप से घायलों सहित अन्य बीमारियों से ग्रसित मरीजों का इलाज शुरू हो जाएगा। इसमें आधुनिक चिकित्सीय सुविधाओं के साथ विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध रहेंगे। 


राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्यक्रम के तहत विकासखंड के महेवा गांव में नेशनल हाईवे के किनारे ट्रामा सेंटर का शिलान्यास आठ दिसम्बर 2018 को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा व क्षेत्रीय सांसद डॉ महेंद्रनाथ पांडेय ने भव्य समारोह में किया। उस समय तीन करोड़ 12 लाख 95 हजार की लागत से लेवेल तीन का ट्रामा सेंटर प्रस्तावित था। लेकिन बाद में सांसद डॉ महेन्द्रनाथ पांडेय की पहल पर इसे लेवेल दो के रूप में उच्चीकृत किया गया। 

ततपश्चात बीते 24 जुलाई 2019 को बीएचयू के तत्कालीन कुलपति प्रो राकेश भटनागर व मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल के बीच हुई बैठक में तय हुआ कि चंदौली जिले में स्वास्थ्य विभाग के पास ट्रामा सेंटर संचालन के लिए पर्याप्त साधन व अनुभव नहीं है। ऐसी स्थिति में इसकी स्वास्थ्य सुविधाओं से लेकर प्रशासनिक व्यवस्थाएं बीएचयू के ही अधीन होंगी। इसमें बीएचयू के ट्रामा सेंटर व सर सुंदरलाल अस्पताल के डॉक्टरों से भी सहयोग लिया जाएगा। लेकिन बीएचयू प्रशासन ने ट्रामा सेंटर के डॉक्टरों व अन्य कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधा की मांग रख दी। इसके बाद निर्माणाधीन कार्य को रोक दिया गया था। 

इसी बीच शासन ने निर्देश पर उक्त ट्रामा सेंटर के संचालन का जिम्मा नौबतपुर में संचालित बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज को सौंपने का निर्णय लिया गया। शासन की ओर से इसके निर्माण के लिए 16 करोड़ 39 लाख रुपए की धनराशि अवमुक्त कर दी गई हैं। जिसके उच्चीकरण का शुभारंभ 28 अगस्त 2023 को पूर्व क्षेत्रीय सांसद और पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री डॉ महेंद्रनाथ पांडेय ने किया था। महेवा में ट्रामा सेंटर बन जाने से चंदौली के साथ ही पड़ोसी अन्य राज्य जैसे बिहार, पड़ोसी जनपद मिर्जापुर, सोनभद्र, गाजीपुर आदि के लोगों को भी इससे लाभ मिलेगा।


10 आईसीयू बेड की भी रहेगी व्यवस्था 


लेवेल दो ट्रॉमा सेंटर में अलग से स्टाफ होता है। यहां सर्जन, एनेस्थेटिक, आर्थोपेडिक सर्जन, बाल रोग विशेषज्ञ, ईएमओ सहित अन्य चिकित्सकों की नियुक्ति होगी। इसके अलावा स्टाफ नर्स, वार्ड ब्वाय, फार्मासिस्ट सहित अन्य कर्मचारियों का स्टाफ रहेगा। संसाधनों में आधुनिक उपकरण, कलर एक्सरे, डिजिटल अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन, वेंटीलेटर और आईसीयू की भी व्यवस्था मिलेगी। इसमें कुल 20 बेड होंगे। जिनमें 10 बेड जनरल और 10 बेड आईसीयू के लिए सुरक्षित होगा। मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर व एक माइनर ऑपरेशन थिएटर होगा।

                                                                                                                                                       

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*