चंदौली में वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा पर जोर, उम्मीद पोर्टल पर दर्ज कराने की दी गई ट्रेनिंग
दुलहीपुर में आयोजित हुआ वक्फ जागरूकता कार्यक्रम
वक्फ संपत्तियों के संरक्षण पर वक्ताओं ने दिया जोर
मौलाना आरिफ फलाही ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता
चन्दौली जिले में जमाअत-ए-इस्लामी हिन्द, चंदौली के तत्वावधान में दुल्हीपुर में “वक्फ की अहमियत और उम्मीद पोर्टल” विषय पर एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि वक्फ मुसलमानों की अमानत है, जिसका संरक्षण और सही उपयोग समाज, तालीम और फ़लाह के लिए जरूरी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मौलाना आरिफ फलाही (सदर, जमाअत-ए-इस्लामी हिन्द,) ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में मौलाना गुलाम रसूल क़ासमी (जमीअत उलेमा-ए-हिन्द,) उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में एडवोकेट नजमुस्साकिब खान (कोऑर्डिनेटर, वक्फ सेल, जमाअत-ए-इस्लामी हिन्द, यूपी ईस्ट), जनाब मुज़म्मिल (लखनऊ) और मिल्लत फाउंडेशन के अध्यक्ष नफ़ीस अहमद गुड्डू शामिल रहे।

कार्यक्रम का उद्घाटन संबोधन औसाफ अहमद (गुड्डू) ने किया, जबकि संचालन मोहम्मद नक़ीब आलम ने किया। इस दौरान वक्ताओं ने बताया कि सरकार द्वारा शुरू किया गया “उम्मीद पोर्टल” वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने का एक बड़ा कदम है। इस पोर्टल पर वक्फ संपत्तियों को दर्ज कराने से उनकी कानूनी सुरक्षा बढ़ेगी और उनके प्रबंधन में पारदर्शिता आएगी।
कार्यक्रम में वक्फ संपत्तियों के दीनवी, सामाजिक और कानूनी महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि समुदाय को चाहिए कि वह अपनी संपत्तियों को उम्मीद पोर्टल पर पंजीकृत कराकर इस नेक कार्य में सहयोग करे, ताकि वक्फ की संपत्तियां सुरक्षित रहें और उनका उपयोग समाज के कल्याण के लिए हो सके।
कार्यक्रम में स्थानीय उलेमा, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक और बड़ी संख्या में नौजवान उपस्थित रहे। अंत में दुआ और शुक्राने के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






