जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

चंदौली जिले में पंजाब मेल से गिरकर बक्सर के रोहित की दर्दनाक मौत, रेलवे ट्रैक पर मिला शव

वाराणसी-गया रेलखंड पर सोमवार की रात पंजाब मेल से गिरकर बक्सर निवासी 22 वर्षीय युवक रोहित की दर्दनाक मौत हो गई। घटना चंदौली के जफरपुर चौकी क्षेत्र की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी 

 
 

पंजाब मेल से गिरकर युवक की मौत

चंदौली के रेलवे ट्रैक पर मिला शव  
 
बक्सर का रहने वाला था मृतक रोहित 

जफरपुर चौकी पुलिस कर रही जांच कार्रवाई

चंदौली जिले के वाराणसी-गया रेलखंड पर सोमवार की देर शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया। अलीनगर थाना क्षेत्र की जफरपुर चौकी के अंतर्गत आने वाले नींबूपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक के क्रॉसओवर के बीच एक युवक का शव पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के इलाके और राहगीरों में हड़कंप मच गया।   

सिर पर लगी थी गंभीर चोट
ट्रैक पर पड़े युवक के सिर में काफी गंभीर चोट लगी थी और मौके पर काफी खून भी बह चुका था। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस (जीआरपी/आरपीएफ) और स्थानीय अलीनगर थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।   

वाराणसी से बक्सर जा रहा था युवक
पुलिस जांच के दौरान मृतक की पहचान 22 वर्षीय रोहित कुमार के रूप में हुई, जो बिहार के बक्सर जिले के नई बाजार (थाना व जिला बक्सर) का रहने वाला था और उसके पिता का नाम हरिद्वार प्रसाद है। रोहित के साथ यात्रा कर रहे उसके साथी सोपाल कुमार ने पुलिस को बताया कि वे दोनों वाराणसी से बक्सर जाने के लिए ट्रेन संख्या 13006 पंजाब मेल पर सवार हुए थे। सफर के दौरान ही अचानक रोहित चलती ट्रेन से नीचे गिर गया।   

पास में नहीं मिला कोई टिकट
तलाशी और जांच के दौरान मृतक के पास से कोई यात्रा टिकट बरामद नहीं हुआ। हालांकि, पुलिस ने उसका मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया है। जफरपुर चौकी प्रभारी अश्वनी सिंह के अनुसार, यह घटना सोमवार देर शाम करीब 8 बजे की है। पोल संख्या 762/10 के पास युवक के मृत मिलने की सूचना पर पुलिस तुरंत पहुंची और जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी की।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*