मानसरोवर तालाब में तैरती मिली लाश को पहचानने आयी बीवी, पत्नी ने कहा- आत्महत्या नहीं..ये है हत्या
29 अक्टूबर से लापता युवक अमित कुमार की तालाब में मिली थी लाश
पुलिस ने पहचान के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव
पत्नी की शिकायत के बाद मामले की जांच हुयी शुरू
चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र में जीटीआर ब्रिज के पास स्थित मानसरोवर तालाब में शुक्रवार की सुबह एक युवक का शव उतराया हुआ मिला, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर तत्काल अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकाला और उसकी शिनाख्त करने की कोशिश शुरू की, लेकिन मृतक के पास से कोई पहचान पत्र या मोबाइल फोन बरामद नहीं हुआ। पहचान न होने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
लापता पति की तलाश में पहुंची पत्नी, जताई हत्या की आशंका
कुछ ही देर बाद वार्ड नंबर 5 अलीनगर निवासी बबली कुमारी मोर्चरी पहुंची और शव की पहचान अपने पति अमित कुमार के रूप में की। बबली ने पुलिस को बताया कि उनके पति अमित कुमार 29 अक्टूबर की रात करीब साढ़े नौ बजे घर से बिना बताए निकले थे और तब से लापता थे।

बबली ने बताया कि वह उस दौरान अपने मायके दानापुर, बिहार गई हुई थी और गुरुवार की रात करीब 11 बजे ही घर लौटी थी। लौटने के बाद से ही वह पति की तलाश कर रही थी। बबली कुमारी ने पुलिस को दी गई तहरीर में साफ तौर पर कहा है कि उनके पति आत्महत्या नहीं कर सकते, और उन्होंने पति की हत्या की आशंका जताई है। मृतक अमित कुमार की शादी वर्ष 2018 में हुई थी। इस दुखद घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।
पुलिस का बयान: चोट के निशान नहीं मिले
इस मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि सूचना मिलते ही शव को बाहर निकालकर जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में शव पर किसी तरह के चोट के निशान स्पष्ट रूप से नहीं मिले हैं। उन्होंने आगे बताया कि शव की शिनाख्त हो चुकी है और अब पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि मौत के असली कारणों का खुलासा केवल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहन जांच में जुट गई है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







