रेलवे में ठेकेदारी करने वाले युवक ने लगायी फांसी, अलीनगर पुलिस जांच में जुटी
किराए के मकान में लटका मिला बिहार के युवक का शव
सिंधीताली गांव में आत्महत्या से फैली सनसनी
आत्महत्या के कारणों का खुलासा करेगी अलीनगर पुलिस
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के सिंधीताली गांव में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रेलवे में ठेकेदारी से संबंधित काम करने वाले एक 21 वर्षीय युवक ने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
मृतक की पहचान जहिर (21 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बिहार के अररिया जिले के गोपाल नगर का रहने वाला था। जहिर सिंधीताली में मनोज पाल के मकान में किराए पर अकेले रहता था और अपने काम के सिलसिले में यहां आया हुआ था।
शनिवार सुबह जब मकान मालिक ने जहिर के कमरे का दरवाजा लंबे समय तक बंद देखा और आवाज़ देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्हें कुछ अनहोनी का संदेह हुआ। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना जफरपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो अंदर का दृश्य देख कर हड़कंप मच गया। जहिर का शव गमछे के सहारे फंदे से लटका हुआ था। मौके पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल फील्ड यूनिट (फोरेंसिक टीम) को भी बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल पांडे ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि मृतक के परिवार वालों को सूचित कर दिया गया है और वे बिहार से चंदौली के लिए रवाना हो चुके हैं।
फिलहाल, सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी कम उम्र में और ठेकेदारी का काम करने वाले युवक ने यह कदम क्यों उठाया? आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और गहनता से इसकी जांच में जुट गई है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







